आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने जून महीने के लिए पुरुष और महिला वर्ग में प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड के नॉमिनी घोषित कर दिए हैं। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल और महिला टीम की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचरणी अपने-अपने वर्ग में इस सम्मान के प्रबल दावेदार हैं।

पुरुष वर्ग में शुभमन गिल का मुकाबला बांग्लादेश के मोसद्देक हुसैन और न्यूजीलैंड के नाथन स्मिथ से होगा, जबकि महिला वर्ग में श्रीचरणी को स्कॉटलैंड की कैथरीन ब्राइस और महिला टी20 विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वालीं इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज से चुनौती मिलेगी।

शुभमन गिल (भारत)

भारतीय कप्तान शुभमन गिल के लिए जून का महीना बल्लेबाजी के लिहाज से बहुत शानदार रहा। शुभमन गिल ने जून की शुरुआत अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार 126 रन बनाकर की। उस मैच में भारत को पारी से जीत मिली। शुभमन गिल के 11वें टेस्ट शतक में एक छक्का और 15 चौके शामिल थे। उन्होंने क्रीज पर अपने सिग्नेचर ऑफ-साइड शॉट्स और संयम का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

इसके बाद दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने वनडे सीरीज में भी अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और दो पारियों में कुल 238 रन बनाए। उन्होंने पहले वनडे में 66 गेंदों पर 84 रन बनाए और फिर लखनऊ में सिर्फ 110 गेंदों पर शानदार 154 रनों की पारी खेली।

पारी के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव (क्रैम्प) से जूझने के बावजूद शुभमन गिल ने अपनी पारी के अंतिम चरणों में तेजी से रन बनाए और एक बार फिर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीता। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड भी मिला।

मोसादेक हुसैन (बांग्लादेश)

अपने पिछले अंतरराष्ट्रीय मैच के चार साल बाद, मोसादेक हुसैन ने शानदार अंदाज में वापसी की। इस ऑलराउंडर को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया, क्योंकि बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-1 से ऐतिहासिक सीरीज जीत हासिल की।

नवंबर 2022 के बाद अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच में मोसादेक ने पहले वनडे में नाबाद 86 रन, दो विकेट और एक शानदार रनिंग कैच लेकर अपनी वापसी का ऐलान किया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने 86 रनों से जीत हासिल की।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 23 मैचों में यह उनकी दूसरी और दो दशकों से भी ज्यादा समय में पहली वनडे जीत थी। तीन मैचों की सीरीज में मोसादेक 157 रन (जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे) के साथ बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने देश की सबसे यादगार वनडे जीतों में से एक में अहम भूमिका निभाई।

नाथन स्मिथ (न्यूजीलैंड)

नाथन स्मिथ के लिए यह महीना शानदार रहा, क्योंकि उन्होंने इंग्लैंड में न्यूजीलैंड की 2-1 से यादगार टेस्ट सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तेज गेंदबाज ने सीरीज में सबसे ज्यादा 16 विकेट लिए और लॉर्ड्स में पहला टेस्ट हारने के बावजूद उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

उनका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन उसी मैच में देखने को मिला, जहां उन्होंने पहली पारी में 3 विकेट लिए और फिर दूसरी पारी में 70 रन देकर 6 विकेट चटकाए। सीरीज के अहम मौकों पर नाथन स्मिथ लगातार अच्छा खेलते रहे, जबकि न्यूजीलैंड ने वापसी करते हुए आखिरी दो टेस्ट जीते और शानदार वापसी के साथ सीरीज अपने नाम की।

चोट के कारण न्यूजीलैंड के कई तेज गेंदबाज उपलब्ध नहीं थे। ऐसे में नाथन स्मिथ ने कमजोर पड़ चुके गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभाली और बेहतरीन प्रदर्शन किया।

श्रीचरणी (भारत)

भारतीय स्पिनर श्रीचरणी को महिला T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने के बाद नॉमिनेशन मिला। इस बाएं हाथ की गेंदबाज ने छह टी20 इंटरनेशनल मैचों में 11.00 के औसत और सिर्फ 6.69 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए।

टूर्नामेंट में उनके शानदार प्रदर्शन में पाकिस्तान के खिलाफ 3/21, नीदरलैंड्स के खिलाफ 4/19 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3/24 के आंकड़े शामिल थे। भारत का सफर ग्रुप स्टेज में ही खत्म हो गया, लेकिन श्रीचरणी ने अहम भूमिका निभाई। इस स्पिनर ने भारत के सभी पांच ग्रुप-स्टेज मैचों में कम से कम दो विकेट लिए।

डैनी वायट-हॉज (इंग्लैंड)

इंग्लैंड की ओपनर डैनी वायट-हॉज के लिए टॉप ऑर्डर में यह महीना बहुत शानदार रहा। उन्होंने छह T20I मैचों में 71.75 की बेहतरीन औसत और 151.85 के स्ट्राइक रेट से कुल 287 रन बनाए। डैनी वायट-हॉज के इस महीने की सबसे बड़ी उपलब्धि टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 105 रनों की शानदार पारी थी। उनकी इस पारी से इंग्लैंड टूर्नामेंट का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर (219 रन) बनाने में सफल रहा।

कई मैच जिताऊ पारियां खेलने के बाद वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं। इन पारियों में वेस्टइंडीज के खिलाफ 65 रन और तत्कालीन डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 89 रन (जिससे न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गई) शामिल थे। वह आईसीसी के बड़े महिला टूर्नामेंट में 300 रन का आंकड़ा पार करने वाली पहली महिला भी बनीं और उन्होंने कुल 302 रन बनाए।

कैथरीन ब्राइस (स्कॉटलैंड)

स्कॉटलैंड की कप्तान कैथरीन ब्राइस के लिए यह महीना बल्ले और गेंद दोनों से शानदार रहा। कैथरीन ब्राइस ने सात T20I मैचों में 25.42 के औसत और 140.15 की स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए। साथ ही 15.81 के औसत और 7.10 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट भी लिए।

महिला T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के खिलाफ स्कॉटलैंड की घरेलू ट्राई-सीरीज जीत में कैथरीन ब्राइस की अहम भूमिका रही। कैथरीन ब्राइस ने T20 वर्ल्ड कप में भी अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। स्कॉटलैंड के शुरुआती मैच में आयरलैंड के खिलाफ शानदार 60 रन बनाकर टीम की अगुआई की और पूरे टूर्नामेंट के दौरान गेंदबाजी में भी महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

लॉर्ड्स में बेटियों का जलवा, इंग्लैंड में अजेय अभियान जारी: अब महिलाओं के WTC का समय

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ाया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने होम ऑफ क्रिकेट पर खेले गए पहले महिला टेस्ट मैच में मेजबान इंग्लैंड को 270 रनों से हराया। इस शानदार जीत के बाद अब मांग उठ रही है महिलाओं के WTC की। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)