भारतीय मेंस क्रिकेट टीम ने पिछले दो साल में तीन आईसीसी खिताब अपने नाम कर लिए हैं। 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में हार के बाद से भारत ने कोई भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं गंवाया है। वहीं इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने खास प्रदर्शन भी किए हैं। संजू सैमसन 2026 टी20 वर्ल्ड कप के हीरो बनकर उभरे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वह आईसीसी मेंस इवेंट में यह अवॉर्ड जीतने वाले छठे भारतीय बने।

उनसे पहले कुल 5 भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग आईसीसी इवेंट में यह अवॉर्ड जीत चुके हैं। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा तीन बार यह पुरस्कार अपने नाम किया है। वहीं सबसे पहली बार 2003 में किसी भारतीय खिलाड़ी को यह अवॉर्ड मिला था। यानी 23 साल में अभी तक कुल 6 भारतीय खिलाड़ी आईसीसी इवेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन चुके हैं। विराट कोहली तीन बार यह अवॉर्ड जीतते हुए अव्वल हैं।

ICC इवेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले सभी भारतीय

सचिन तेंदुलकर: साल 2003 (वनडे वर्ल्ड कप)

क्रिकेट के भगवान, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को इस टूर्नामेंट में गोल्डन बैट मिला था। वह शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए थे। हालांकि, इस वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने हराया था लेकिन सचिन की बल्लेबाजी ने सभी का दिल जीता था। सचिन ने इस टूर्नामेंट में 673 रन बनाए थे।

युवराज सिंह: साल 2011 (वनडे वर्ल्ड कप)

भारतीय टीम ने 1983 के बाद 2011 में वनडे विश्व कप जीता था। इस टूर्नामेंट में युवराज सिंह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। युवराज सिंह ने कैंसर से जूझते हुए इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान निभाया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में बल्ले से जहां 362 रन बनाए थे। वहीं गेंद से कमाल करते हुए युवी ने 15 विकेट भी लिए थे।

विराट कोहली: 2014 टी20 वर्ल्ड कप, 2016 टी20 वर्ल्ड कप और 2023 वनडे वर्ल्ड कप

विराट कोहली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर जरूर हैं लेकिन अव्वल खिलाड़ी वही हैं। उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता है। विराट कोहली ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप (319 रन), 2016 टी20 वर्ल्ड कप (273 रन) और 2023 वनडे वर्ल्ड कप (765 रन) में यह पुरस्कार जीता था।

शिखर धवन: साल 2013 (चैंपियंस ट्रॉफी)

शिखर धवन ने साल 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड जीता था। उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान निभाया था। उस टूर्नामेंट के बाद ही उनकी और रोहित शर्मा की जोड़ी ने सुर्खियां बटोरना शुरू की थीं। धवन के बल्ले से 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में 363 रन निकले थे।

जसप्रीत बुमराह: साल 2024 (टी20 वर्ल्ड कप)

जसप्रीत बुमराह लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने। साल 2024 में उन्होंने 15 विकेट झटके थे और भारत को चैंपियन बनाने में अहम योगदान निभाया था। उस वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद बुमराह को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। बुमराह ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप में भी वरुण चक्रवर्ती के साथ संयुक्त रूप से सर्वाधिक 14 विकेट लिए और फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बने।

संजू सैमसन: साल 2026 (टी20 वर्ल्ड कप)

संजू सैमसन की कहानी इस वक्त हर किसी की जुबां पर है। इस खिलाड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जो किया है वह शायद ही कभी कोई कर पाएगा। वह शुरुआत में टीम से बाहर थे और आउट ऑफ फॉर्म थे। अचानक बीच टूर्नामेंट में वह प्लेइंग 11 में वापस आए और फिर मुड़कर नहीं देखा। वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में 97, सेमीफाइनल में 89 और फाइनल में 89 समेत 5 पारियों में उन्होंने 321 रन बना दिए। भारत की जीत में बुमराह के साथ सैमसन का बहुत बड़ा योगदान रहा। इसी कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

यह भी पढ़ें- टीम इंडिया को बनाया था वर्ल्ड चैंपियन, अब श्रीलंका की टीम ने दिग्गज को बनाया अपना हेड कोच
यह भी पढ़ें- संजू-साहिबजादा ओपनर, सूर्या नहीं यह खिलाड़ी कप्तान; ICC ने चुनी टी20 वर्ल्ड कप की टीम ऑफ द टूर्नामेंट