एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के फ्रीस्टाइल 65 किग्रा वर्ग में सुजीत कलकल ने शानदार वापसी करते हुए ताजिकिस्तान के अब्दुलमजीद कुदिएव को 10-9 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। गोल्ड मेडल के मुकाबले में जब सिर्फ 1 मिनट 40 सेकंड बचे थे तब सुजीत 2-9 से पीछे चल रहे थे, लेकिन इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की। भारतीय पहलवान ने तेजी से तीन बार प्रतिद्वंद्वी को नीचे गिराया (टेकडाउन) और स्कोर का अंतर कम करके 9-8 कर दिया।

प्रो रेसलिंग लीग के छठे सत्र के लॉन्च के मौके पर सुजीत से पूछा गया कि उन्होंने 2-9 से पिछड़ने के बाद वापसी कैसे की। सुजीत ने बताया, ‘बड़ा पॉइंट दांव लगाना उस परिस्थिति में थोड़ा कठिन हो जाता है। तो छोटे-छोटे स्कोर ही हमें चेज करने पड़ते हैं उस स्कोर को चेज करने के लिए। मेरे को यही था कि भाई मैं आखिरी तक कवर कर लूंगा। हां, स्टार्टिंग में थोड़ा प्रेशर महसूस होता है इस ची में।’

दबाव पर क्या बोले सुजीत

दबाव के सवाल पर सुजीत ने कहा, ‘बहुत बड़ा कॉम्पिटिशन था, क्योंकि चार साल में एक बार आता है और मौका एक ही बार मिलता है चार साल में। एक प्रेशर यह भी था कि पहले मैं इस ओपोनेंट को हरा के आया हूं। अगर इसे लेकर उलझता और कुश्ती में हारता तो ये बहुत मतलब मेरे लिए भी दुख की बात होती।’

गोल्ड जीतने के बाद पिता को फोन किया

10-9 से जीतने को लेकर रिएक्शन पर सुजीत ने कहा, ‘उस टाइम बहुत खुशी महसूस हो रही थी। मेरे को बहुत प्राउड भी महसूस हो रहा था कि मैंने देश के लिए गोल्ड जीता।’सुजीत ने गोल्ड जीतने के बाद पिता को फोन किया था। इसे लेकर उन्होंने बताया, ‘सबसे पहले तो पापा को ही कॉल किया था मैंने। तो उनकी शाबाशी मिली मेरे को सबसे पहले। और देशवासियों की तो दुआ हमेशा ही मेरे साथ है तो बहुत अच्छा लगा।’

ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ मुकाबले की तैयारी

ओलंपिक चैंपियन के खिलाफ मुकाबले की तैयारी को लेकर सुजीत ने कहा, ‘हम किसी भी खिलाड़ी के लिए कोई खास स्ट्रेटजी नहीं बनाते। थोड़ी बहुत जो कमियां हमको महसूस होती हैं कि उसके साथ हो सकती हैं तो उसी पे हम काम करते हैं। देखो, ओलंपिक चैंपियन को हराने के पीछे भी कोचेज का पूरा सपोर्ट था। छोटी-मोटे जो कमियां होती हैं हमारे अंदर तो उनको सुधारने में कोचेज ही हेल्प करते हैं। तो कोचेज का ही रोल था इस चीज में भी।’

पहले जहाज में बैठने जाते थे, अब ओलंपिक मेडल है लक्ष्य: बृजभूषण

प्रो कुश्ती लीग के छठे सीजन के लॉन्च के दौरान भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एशियाई खेलों में पहलवानों के प्रदर्शन से फेडरेशन संतुष्ट नहीं है। उसे 6 नहीं 8 पदकों की उम्मीद थी। पूरी खबर पढ़ें।