भारतीय टीम हॉकी विश्व कप 2026 से बाहर हो चुकी है। दूसरे दौर में पहले नीदरलैंड्स से हार और अब अर्जेंटीना से 3-5 से हारने के बाद भारत सेमीफाइनल की रेस से भी बाहर है। पूल ई में लगातार दो हार के बाद भारतीय टीम अंकतालिका में आखिरी स्थान पर रही। वहीं इस पूल में नीदरलैंड्स 6 अंक और 4 गोल डिफरेंस के साथ टॉप पर है। जबकि अर्जेंटीना की टीम 6 अंक और 2 गोल डिफरेंस के साथ दूसरे स्थान पर है।

इस पूल में भारत के ग्रुप से आई इंग्लैंड की टीम तीसरे स्थान पर है। इंग्लैंड अभी सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। उसका एक मुकाबला नीदरलैंड्स से बाकी है। अगर इंग्लैंड ने यह मैच अच्छे अंतर से जीता तो अर्जेंटीना बाहर हो जाएगी और नीदरलैंड्स के साथ इंग्लैंड पूल ई से सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। इंग्लैंड का अभी गोल डिफरेंस दूसरे राउंड में शून्य है।

इस मुकाबले की बात करें तो अर्जेन्टीना की ओर से टॉमस डोमेन (33वें और 45वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि जोकिन टोस्कानी (पहले मिनट), निकोलस डेला टोरे (छठे मिनट) और लुकास टोस्कानी (53वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। भारत की तरफ से सुखजीत सिंह (10वें और 58वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि हार्दिक सिंह (60वें मिनट) ने एक गोल किया। इस हार के साथ भारतीय टीम पूल ई में अपने अंकों का खाता खोलने में नाकाम रहते हुए अंतिम पायदान पर रही। भारत अब सातवें स्थान के प्लेऑफ मैच में 28 अगस्त को बेल्जियम से भिड़ेगा।

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत का कैसा रहा प्रदर्शन?

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पहले राउंड में जीत से शुरुआत की थी। वेल्स को 3-1 से हराने के बाद इस टीम ने फैंस को उम्मीदें दी थीं। फिर दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हाफ टाइम तक आगे रहने वाली टीम यह मुकाबला 2-4 से हार गई। यह हार इस टूर्नामेंट में भारत के लिए टर्निंग पॉइंट बनी। फिर भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया जरूर लेकिन यह जीत काफी नहीं थी। फिर दूसरे राउंड में पहले मैच में मजबूत नीदरलैंड्स के खिलाफ टीम 1-3 से हारी और अब अर्जेंटीना के खिलाफ 3-5 से हारकर सेमीफाइनल की रेस से भी बाहर हो गई।

ऑस्ट्रेलिया से ड्रॉ खेलने के बाद भी भारतीय महिला टीम हुई हॉकी वर्ल्ड कप से बाहर, कंगारू टीम सेमीफाइनल में

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया मैच ड्रॉ रहा और दोनों टीमों के 2-2 अंक रहे, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने भारत से ज्यादा गोल किए थे इस आधार पर ये टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई और भारत बाहर हो गया। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर