India vs Pakistan, Hockey World Cup 2026: हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने आखिरी पूल मैच में भारतीय टीम पाकिस्तान का सामना करेगी। पिछले एक दशक से पाकिस्तान से नहीं हारी भारतीय टीम को दूसरे दौर में प्रवेश के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा। इस महामुकाबले के लिए भारतीय टीम को अपने डिफेंस को दुरुस्त करने की भी जरूरत होगी। बुधवार को एम्सटेलवीन के वेगनेर स्टेडियम में होने वाले इस मैच के सभी टिकट बिकने की भी जानकारी मिली है। आपको बता दें कि इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता 10 हजार है और सभी टिकट बिक चुके हैं।

भारत-पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे से शुरू होगा। भारत में फैंस जियो हॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स सेलेक्ट 2 के चैनल पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं। अगर अंकतालिका की बात करें तो पूल डी में इंग्लैंड दोनों मैच जीतते हुए शीर्ष पर रहकर दूसरे दौर में पहुंच चुका है। वहीं भारत के एक जीत और एक हार के बाद तीन अंक हैं जबकि इंग्लैंड से 1 -4 से हारने और वेल्स से 3-3 से ड्रॉ के बाद पाकिस्तान एक अंक लेकर तीसरे और वेल्स एक हार , एक ड्रॉ के साथ एक अंक लेकर चौथे स्थान पर है।

पाकिस्तान अगर हारता है तो बाहर हो जाएगा जबकि वेल्स को अगले दौर में जाने के लिये इंग्लैंड को काफी बड़े अंतर से हराना होगा, क्योंकि भारत का गोल औसत उससे बेहतर है। अगर भारत दूसरे दौर में जाता है तो इस पूल से उसके कोई अंक आगे नहीं जाएंगे जबकि भारत को हराने के कारण इंग्लैंड तीन अंक लेकर जाएगा।

मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारतीय टीम का पलड़ा भारी लग रहा है लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच सिर्फ कौशल का नहीं होता, खिलाड़ियों को जज्बात पर काबू रखकर भी खेलना होगा। भारतीय टीम ने विश्व कप से ठीक पहले लंदन में प्रो लीग के यूरोप चरण में पाकिस्तान पर 7-1 और 4-3 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तानी टीम ने आखिरी बार भारत को 2016 चैम्पियंस ट्रॉफी में हराया था। उसके बाद से भारत और पाकिस्तान के प्रदर्शन ग्राफ में जमीन आसमान का अंतर आ गया है। हाल ही में एफआईएच प्रो लीग में अपने सभी मैच हारकर पाकिस्तान आखिरी स्थान पर रही थी।

विश्व कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का इतिहास

विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की हॉकी टीमों का पिछला मुकाबला 16 साल पहले दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर हुआ था, जब राजपाल सिंह की कप्तानी वाली मेजबान टीम ने 4 -1 से जीत दर्ज करके उसी मैदान पर 28 साल पहले मिले जख्मों पर मरहम लगाया था। एशियाई दिग्गज भारत और पाकिस्तान का सामना विश्व कप में 16 साल बाद अब होने जा रहा है।

इससे पहले हॉकी के महासमर में दोनों टीमों की टक्कर 2010 में हुई थी जबकि 2014 और 2023 विश्व कप में पाकिस्तान क्वालीफाई नहीं कर सका था और 2018 में दोनों टीमों का सामना नहीं हुआ था। 2010 के विश्व कप मुकाबले से पहले काफी हाइप बन गई थी, क्योंकि 1982 में उसी मैदान पर पाकिस्तान ने एशियाई खेलों के फाइनल में भारत को 7-1 से हराया था।

मैच से पहले भारत के स्टार खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने कहा,”पाकिस्तान से मैच अच्छा होगा लेकिन हम उन्हें कमतर नहीं आंक रहे हैं । उनके पास भी अच्छे ड्रैग फ्लिकर हैं लिहाजा हमें उन्हें पेनल्टी कॉर्नर देने से बचना होगा । इसके अलावा अपने लिये मौके बनाने होंगे और उन्हें भुनाना भी होगा । हमें अपने स्वाभाविक खेल पर ही फोकस करना होगा।”

जबकि पाकिस्तान के कप्तान अबु बकर महमूद ने अच्छे प्रदर्शन का यकीन जताते हुए कहा,”भारत और पाकिस्तान के मुकाबले में रैंकिंग या पिछला प्रदर्शन मायने नहीं रखता। जो टीम मैच के दिन अच्छा खेलेगी, वह जीतेगी और हमें पता है कि हमारी हॉकी के लिये यह मैच कितना अहम है तो हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”

Hockey World Cup: भारत ने साउथ अफ्रीका को 6-1 से हराया, वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत के साथ शीर्ष पर पहुंची

भारतीय महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दर्ज की। भारत के लिए सुनीता टोप्पो, नवनीत कौर, सुशीला चानू, दीपिका, लालरेम्सियामी और साक्षी रानी ने गोल किया। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर