हॉकी इंडिया लीग (HIL) के भविष्य को लेकर जारी अनिश्चितता के बीच खेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। खेल मंत्रालय ने लीग के पुनरुद्धार और उससे जुड़े वित्तीय, प्रशासनिक और संचालन संबंधी मुद्दों के समाधान के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया है।
इसमें हॉकी इंडिया, लीग की फ्रेंचाइजी और खेल मंत्रालय के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। समिति को लीग के शासन और वित्तीय मॉडल के साथ उसके ढांचे पर काम कर समयबद्ध तरीके से अपनी रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपनी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने खेल मंत्रालय के सूत्र के हवाले से लिखा, ‘‘समिति में खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव (खेलो इंडिया) विनील कृष्णा, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोलानाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर मनोहरन शामिल होंगे।’’
सूत्र ने बताया, ‘‘हॉकी इंडिया लीग फ्रेंचाइजी की ओर से आलोक सांघी, महेश भूपति और दिव्यांशु सिंह समिति का हिस्सा हैं।’’ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने 14 सितंबर को हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों और फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी, जिन्हें लीग पर आये संकट के बारे में बताया गया था।
केंद्रीय खेल मंत्री ने दिया था निर्देश
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सभी हितधारकों से लीग के प्रशासन मॉडल, वित्तीय मॉडल और ढांचे पर काम करने के लिये कहा था। इसके साथ ही इस पर काम करने के लिए हॉकी इंडिया, फ्रेंचाइजी और खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को लेकर पैनल गठन के लिए भी कहा गया था।
यह समिति मंत्रालय को तय समय सीमा के भीतर रिपोर्ट देगी। समिति के गठन से सभी संबंधित पक्ष मिलकर लीग के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त करने के लिए काम करेंगे और सरकार का इस प्रक्रिया में सीधा प्रतिनिधित्व रहेगा।
अगस्त में नीदरलैंड्स और बेल्जियम में हुए विश्व कप में ऐतिहासिक पांचवें स्थान पर रहने के बाद भारतीय महिला हॉकी कप्तान सलीमा टेटे और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया समेत महिला हॉकी खिलाड़ियों ने लीग को बचाने को लेकर भावुक अपील की थी। हॉकी इंडिया लीग के अगले सत्र पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं और फ्रेंचाइजी ने इसके प्रशासन और वित्तीय ढांचे पर अधिक स्पष्टता की मांग की है।
2024 में दोबारा शुरू हुई थी लीग
लीग सात साल बंद रहने के बाद 2024 में फिर शुरू की गई थी और भारतीय खिलाड़ियों के लिये काफी फायदेमंद साबित हुई है। खासकर महिला टीम के प्रदर्शन में आये सुधार में लीग की बड़ी भूमिका रही है, लेकिन बढ़ती लागत और कुछ फ्रेंचाइजी के पीछे हटने के कारण इसके भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति है।
हॉकी इंडिया में चल रहे सत्ता के संघर्ष के बीच यह कदम और भी महत्वपूर्ण है। हॉकी इंडिया अध्यक्ष टिर्की और महासचिव भोलानाथ के बीच पिछले कुछ समय से कई प्रशासनिक मसलों को लेकर मतभेद सार्वजनिक तौर पर सामने आये हैं जिनमें विश्व कप से ठीक पहले का जर्सी विवाद शामिल है।
Exclusive: क्रिकेट में वैभव, हॉकी में सुनेलिता: भारतीय हॉकी की नई सनसनी के संघर्ष और जज्बे की अनकही कहानी
टूटी हॉकी स्टिक से शुरुआत कर भारतीय सीनियर हॉकी टीम में जगह पक्की करने वाली 18 साल की सुनेलिता टोप्पो की अनकही कहानी। क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी की तरह सुनेलिता भारतीय हॉकी की नई ‘वंडर किड’ बनकर उभरी हैं। पढ़ें कैसे उन्होंने अभावों और समाज के तानों को मात देकर यह मुकाम हासिल किया। उनका सफर युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
