अनुभवी मिड-फील्डर मनप्रीत सिंह को अनुशासनहीनता के आधार पर भारतीय हॉकी टीम के संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट से बाहर किए जाने का मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कड़ा विरोध किया था। उन्होंने हॉकी इंडिया को इस्तीफा देने की धमकी भी दी थी। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले जानकारी दी है। उसे यह भी पता चला है कि फुल्टन ने राउरकेला में 1 से 7 फरवरी तक 33 संभावित खिलाड़ियों के कैंप से मनप्रीत को हटाने के दबाव को “बाहरी दखल” माना था।
दो बार के ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट को 15 साल में पहली बार कोर संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट से बाहर कर दिया गया, जब यह पता चला कि पिछले साल दिसंबर में साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान उन्होंने ड्रग्स लिया था। संभावित खिलाड़ियों को तय करने के लिए हुई मीटिंग में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की, सचिव भोला नाथ सिंह और मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह ने मिलकर यह बताया कि मनप्रीत को टीम से बाहर कर देना चाहिए, जिसके बाद फुल्टन हैरान रह गए।
खिलाड़ी हॉकी इंडिया से नाखुश
सूत्र ने कहा, ‘फुल्टन ने मनप्रीत के युवा खिलाड़ियों के मेंटर होने के नजरिए से बात की। लेकिन इस पर दिलीप ने कहा कि खिलाड़ी दूसरे सीनियर खिलाड़ियों से सीखेंगे। कुछ खिलाड़ी इस बात से नाखुश थे कि हॉकी इंडिया ने मनप्रीत के साथ कैसा बर्ताव किया।’ हाल ही में खत्म हुई हॉकी इंडिया लीग (HIL) के चेन्नई लेग के एक दिन बाद गुस्से में आए फुल्टन ने इस्तीफा देने की पेशकश की। हालांकि, तिर्की के बहुत समझाने के बाद वह इस बात पर राजी हो गए कि अनुभवी खिलाड़ी को “आराम” दिया जा रहा है।
भारतीय महिला हॉकी टीम में कोच शोर्ड मारिन की वापसी, टोक्यो ओलंपिक में बटोरी थीं सुर्खियां
आरपी सिंह और तिर्की टस से मस नहीं हुए
सूत्र ने बताया कि फुल्टन ने मनप्रीत को कोर ग्रुप में रखने के लिए तर्क दिया और अपनी बात साबित करने के लिए 33 साल के मिड-फील्डर की शानदार फिटनेस रिपोर्ट का हवाला दिया। पता चला है कि मनप्रीत कोर ग्रुप में सबसे फिट खिलाड़ियों में टॉप चार में थे। लेकिन मुख्य चयनकर्ता आरपी सिंह और तिर्की टस से मस नहीं हुए। फुल्टन ने एचआईएल के दौरान मनप्रीत की फिटनेस और फॉर्म की बार-बार तारीफ की है।
भोलानाथ बोले- मनप्रीत आराम करना चाहता था
चीफ कोच चाहते हैं कि मनप्रीत इस साल के एशियन गेम्स और वर्ल्ड कप तक टीम का हिस्सा रहें। वर्ल्ड कप अगस्त में होना है, जिसके बाद सितंबर में एशियन गेम्स होंगे। फुल्टन का मानना है कि मिडफील्डर का दबाव में खेलने का अनुभव इन दोनों बड़े इवेंट्स के हाई-प्रेशर मैचों में काम आएगा। पीटीआई से बात करते हुए भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘लोग जो चाहें कहें, लेकिन सच यह है कि मनप्रीत आराम करना चाहता था और उसने यह बात हॉकी इंडिया को बता दी थी।”
दिलप्रीत सिंह और कृष्ण बहादुर पाठक भी बाहर
हॉकी इंडिया ने गुरुवार (29 जनवरी) को संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट की घोषणा की। इसमें अनुशासनहीनता के कारण फॉरवर्ड दिलप्रीत सिंह और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को भी बाहर कर दिया गया। लेकिन हॉकी इंडिया के बयान में कथित उल्लंघन का कोई जिक्र नहीं था। प्रो लीग सीजन अगले महीने राउरकेला में शुरू होगा। मनप्रीत ने रांची रॉयल्स टीम की सह-कप्तानी करते हुए हॉकी इंडिया लीग के फाइनल तक पहुंचाया था और टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन सराहनीय था।
तिर्की की बराबरी करने से एक मैच दूर मनप्रीत
मनप्रीत 412 मैचों के साथ सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले भारतीय हॉकी खिलाड़ी तिर्की के रिकॉर्ड की बराबरी करने से सिर्फ एक मैच दूर हैं। आगामी एफआईएच प्रो लीग का भारत लेग 10 से 15 फरवरी तक राउरकेला में होने वाला है, जिसमें मेजबान टीम 11 फरवरी को अपने पहले मैच में अर्जेंटीना से भिड़ेगी। मनप्रीत ने बाद में सोशल मीडिया पर कहा कि उन्होंने तरोताजा करने के लिए आराम करने का फैसला किया है।
