आईपीएल खत्म हो चुका है और अब रोमांच शिफ्ट होने वाला है इंटरनेशनल क्रिकेट की ओर। पुरुष टीम जहां इसी साल टी20 चैंपियन बनकर आई है। वहीं नवंबर 2025 में इतिहास रचने वाली वनडे विश्व चैंपियन महिलाओं की नजरें अब टी20 के विश्व कप पर होंगी। 12 जून से इंग्लैंड की मेजबानी में महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज होने वाला है। इस टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है और भारतीय टीम विश्व विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में उतरेगी।

10वां टी20 वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगी हरमनप्रीत कौर

टीम इंडिया का पहला मैच 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ होगा। टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत हाईवोल्टेज मुकाबले से होगी। इस मैच में उतरते ही हरमनप्रीत कौर इतिहास रच देंगी। वह 2009 से लगातार हर टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम का हिस्सा रही हैं और यह उनका 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। इस मामले में हरमनप्रीत कौर भारत के विश्व विजेता टी20 कप्तान रोहित शर्मा से आगे निकल जाएंगी।

महिलाओं में तो हरमनप्रीत कौर पहले से ही सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली खिलाड़ी हैं। वहीं इस टूर्नामेंट में उतरते ही वह पुरुष क्रिकेटर रोहित शर्मा, शाकिब उल हसन और आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग को भी पीछे छोड़ देंगी। उनका यह 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। जबकि टी20 से रिटायर हो चुके रोहित शर्मा ने अपने करियर में सबसे ज्यादा 9 टी20 वर्ल्ड कप खेले थे। यानी 14 जून को रोहित का यह रिकॉर्ड हरमन ध्वस्त करनी नजर आएंगी।

टी20 वर्ल्ड कप में हरमनप्रीत कौर का कैसा रहा प्रदर्शन?

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली चौथी क्रिकेटर हैं। उन्होंने इस टूर्नामेंट के इतिहास में 2009 से 2024 तक 39 मैच खेलते हुए 25.03 की औसत से 726 रन बनाए हैं। उनके नाम एक शतक भी दर्ज है और 103 रन उनका टी20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 11 विकेट भी झटके हैं। आगामी सीजन में उनके ऊपर अत्यधिक नजरें होने वाली हैं। क्योंकि हर भारतवाशी का सपना होगा कि महिला टीम वनडे के बाद अब टी20 विश्व कप की भी चैंपियन बने।

भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के लिए ग्रुप ए में मौजूद है। कुल 12 टीमों वाले इस महाकुंभ में हर ग्रुप में 6-6 टीमें रखी गई हैं। भारत के ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नीदरलैंड्स और साउथ अफ्रीका मौजूद है। टीम इंडिया अपना पहला मैच 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इस टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप की टॉप 2-2 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी। क्रॉस मैच के बाद 5 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर सेमीफाइन की विजेता टीमें खिताबी मुकाबला खेलने उतरेंगी।

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का स्क्वाड

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव।

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया का शेड्यूल (ग्रुप स्टेज)

तारीखमुकाबलावेन्यू
14 जून 2026भारत VS पाकिस्तानबर्मिंघम
17 जून 2026भारत vs नीदरलैंड्सलीड्स
21 जून 2026भारत vs दक्षिण अफ्रीकामैनचेस्टर
25 जून 2026भारत vs बांग्लादेशमैनचेस्टर
28 जून 2026भारत vs ऑस्ट्रेलियालंदन (लॉर्ड्स)

महिला टी20 वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल: 12 टीमें 33 मुकाबले, पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होगा भारत का अभियान

 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होगी। यह टूर्नामेंट इंग्लैंड की मेजबानी में खेला जाएगा। भारत अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर