भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक नई विवाद में फंसते नजर आ रहे हैं। हार्दिक पंड्या पर अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद जश्न के दौरान राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। इस शिकायत में दावा किया गया है कि फाइनल में न्यूजीलैंड पर भारत की जीत के बाद अहमदाबाद में मैदान पर जश्न मनाते समय हार्दिक पंड्या ने तिरंगा अपने शरीर पर लपेट लिया था।

हार्दिक पंड्या पर लगा तिरंगे के अपमान का आरोप

पुणे के एक वकील वाजिद खान ने हार्दिक पंड्या के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और इसमें आरोप लगाया गया है कि भारत के इस ऑलराउंडर ने जीत का जश्न मनाने के दौरान तिरंगे का अपमान किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।

वाजिद खान ने कहा कि आपनो टी20 वर्ल्ड कप देखा होगा। हार्दिक पांड्या जीत के जश्न में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे। उनकी पीठ पर नेशनल फ्लैग बंधा हुआ था…1971 नेशनल फ्लैग एक्ट के सेक्शन 2 के मुताबिक, हमें नेशनल फ्लैग की इज्जत रखनी चाहिए, लेकिन हार्दिक पांड्या अपनी जीत के जश्न में इतने खो गए थे कि वह नेशनल फ्लैग पहनकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए थे। मेरा मानना ​​है कि यह नेशनल फ्लैग का अपमान है।

वाजिद खान ने आगे कहा कि मैंने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। जब मैं शिकायत दर्ज कराने गया तो उन्होंने मुझे बताया कि घटना वहां (अहमदाबाद) हुई थी यहां नहीं। तो मैंने उनसे कहा कि राष्ट्रीय झंडा पूरे देश का प्रतीक है और हम शिवाजी नगर पुलिस में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने मेरी शिकायत स्वीकार कर ली है और मुझे एक कॉपी दी है। देखते हैं आगे क्या होता है। मैंने शिकायत दर्ज करा दी है।

आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 की जीत के बाद भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने जश्न के दौरान अपने शरीर पर तिरंगा लपेट रखा था। जीत के जश्न के दौरान वो अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ नजर आए थे और एक समय ऐसा आया जब दोनों पोडियम पर लेट भी गए थे। यही नहीं इन दोनों ने जश्न के दौरान एक-दूसरे को गले लगाया साथ ही डांस भी किया। माहिका और हार्दिक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हुई थी।

ये खबरें भी पढ़ें– संजू, इशान, सूर्यकुमार नहीं T20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसके बल्ले से खेले थे अभिषेक शर्मा, 21 गेंदों पर बनाए थे 52 रन

संजू ने पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, जीते मैचों में रहे टॉप स्कोरर; इशान नंबर 3