टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए अब तक सब अच्छा रहा है, लेकिन टी20 प्रारूप के नंबर 1 बैटर अभिषेक शर्मा का नहीं चला टीम के लिए चिंता का विषय रहा है। अभिषेक लगातार इस टूर्नामेंट में फेल हो रहे हैं और अपनी गलतियों की वजह से विकेट गंवा रहे है। टूर्नामेंट के शुरुआत में लगातार 3 बार डक पर आउट होने के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक लगाया, लेकिन फिर वो वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के विरुद्ध नहीं चल पाए।
अभिषेक को प्लेइंग 11 से बाहर करना नहीं होगा सही फैसला
अब अभिषेक को फाइनल मैच के लिए प्लेइंग 11 में रखना चाहिए या नहीं इस पर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन इस सारी बातों के बीच पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने अभिषेक को सपोर्ट किया और टीम इंडिया से आग्रह किया कि उन्हें प्लेइंग 11 में बनाए रखना चाहिए। अभिषेक के रन नहीं बनाने के बावजूद हरभजन सिंह का मानना है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करना अब सही फैसला नहीं होगा। भज्जी ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए भारत को इस युवा खिलाड़ी के साथ बने रहने और उसे सबसे बड़े मंच पर वापसी करने का मौका देने की अपील की।
अभिषेक का साथ देने का है वक्त
हरभजन सिंह ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि टीम उसे बेंच पर बिठाएगी और मुझे भी नहीं लगता कि उन्हें बाहर बैठना चाहिए क्योंकि ये समय उस खिलाड़ी का साथ देने का है। मैं मानता हूं कि उन्होंने टीम के लिए अब तक कुछ खास नहीं किया है और वो उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं, लेकिन वो इस स्थिति से बाहर कैसे आएंगे। वो तभी इस स्थिति से पार पा सकते हैं जब वो खेलें। अगर आप उसे बेंच पर बिठाएंगे तो उनका दिल बैठ जाएगा।
फाइनल में खेलते नजर आ सकते हैं अभिषेक
हालांकि कई क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि प्लेइंग इलेवन से अभिषेक शर्मा को बाहर करके निचले क्रम को मजबूत करने के लिए रिंकू सिंह को टीम में शामिल करना चाहिए और संजू सैमसन व इशान किशन से ओपनिंग करवानी चाहिए। वैसे भारतीय टीम मैनेजमेंट ने अब तक खराब फॉर्म के बावजूद अभिषेक शर्मा का पूरा साथ दिया है। अभिषेक की प्रतिभा पर कोई शक नहीं है क्योंकि अगर वो किसी भी मैच में चल निकले तो अकेले ही मैच को बदल देंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच के लिए उन्हें प्लेइंग 11 में बनाए रखना भारत के लिए फायदेमंद होगा।
ये खबरें भी पढ़ें
फाइनल के लिए कैसी होनी चाहिए भारत की प्लेइंग 11, वीरेंद्र सहवाग ने बताया; वरुण को किया सपोर्ट
