दुष्कर्म के आरोप में 2017 में बरी हो चुके न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर स्कॉट कुगेलेन को टीम में शामिल करना इंग्लिश काउंटी क्लब हैंपशायर को भारी पड़ गया। 34 वर्षीय स्कॉट कुगेलेन को मंगलवार एक सितंबर 2026 को वारविकशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले के लिए टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनके चयन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया।

स्टाफ और समर्थकों की प्रतिक्रिया को देखते हुए हैंपशायर ने बुधवार तीन सितंबर 2026 को मैच शुरू होने से ठीक पहले फैसला बदलते हुए साफ कर दिया कि स्कॉट कुगेलेन अब इस सीजन के बचे चार मैचों में क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे। स्कॉट कुगेलेन ने न्यूजीलैंड के लिए तीन टेस्ट, दो वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

इसमें स्कॉट कुगेलेन ने क्रमशः 6, 5 और 16 विकेट लिए हैं, जबकि 92, 11 और 79 रन बनाए हैं। स्कॉट कुगेलेन ने ओवरऑल अब तक 114 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 379 विकेट और 3969 रन बनाए हैं। इसके अलावा 118 लिस्ट ए मुकाबलों में 175 विकेट और 1267 रन और 175 टी20 मैचों में 186 विकेट और 1163 रन बनाए हैं। इस तरह स्कॉट कुगेलेन ने अब तक अपने करियर में कुल 740 विकेट और 6399 रन बनाए हैं।

स्कॉट कुगेलेन पर 2015 में रेप का आरोप लगा था। साल 2017 में दोबारा ट्रायल के बाद उन्हें बरी (क्योंकि जूरी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई थी) कर दिया गया था। क्लब की ओर से जारी बयान में कहा, ‘‘अपने स्टाफ और समर्थकों की राय सुनने के बाद स्कॉट कुगेलेन को टीम से हटा रहे हैं। न्यूजीलैंड का यह खिलाड़ी क्लब का प्रतिनिधित्व नहीं करेगा।’’

वारविकशायर के खिलाफ मैच शुरू होने से ठीक पहले जारी बयान में कहा गया, ‘‘हम अपने फैंस के जुनून की कद्र करते हैं और उन सभी का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने अपनी राय साझा करने के लिए समय निकाला। अब हमारा ध्यान सीजन के आखिरी चार काउंटी चैंपियनशिप मैचों में टीम का समर्थन करने पर है।’’ काउंटी ने स्कॉट कुगेलेन को बिना सार्वजनिक रूप से घोषणा किये टीम में शामिल किया था।

स्कॉट कुगेलेन ने 2017 से 2024 के बीच न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपने तीनों टेस्ट मैच फरवरी 2023 से मार्च 2024 के बीच (13 महीनों के अंदर) खेले थे। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।

रेप केआरोप बरी होने के बावजूद न्यूजीलैड और घरेलू टीमों के लिए स्कॉट कुगुलेन के चयन का अक्सर विरोध होता रहा है। साल 2019 में ऑकलैंड के ईडन पार्क में दर्शकों ने उन्हें टीम में शामिल करने का विरोध करते हुए ‘#MeToo’ पोस्टर दिखाए थे।

हैम्पशायर के फैंस ने उन्हें टीम में शामिल किये जाने को अपमानजनक, शर्मनाक और क्लब के लिए एक नया निचला स्तर करार दिया था। हैम्पशायर अभी काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में सबसे नीचे है और टॉप-फ्लाइट का दर्जा बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है।

स्कॉट कुगेलेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी खेल चुके हैं। साल 2019 सीजन में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए दो मैच खेले थे। तब उन्हें साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के चोटिल होने पर उनकी जगह टीम में शामिल किया गया था।

साल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने उन्हें ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदजाब केन रिचर्डसन की जगह साइन किया था, लेकिन वह उनके लिए एक भी मैच नहीं खेल पाए थे। कोविड महामारी के दौरान खेले गए उस संस्करण में स्कॉट कुगेलेन पहले से ही मुंबई इंडियंस के लिए रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर बायो-बबल का हिस्सा थे।

इंग्लैंड-आयरलैंड में हार के बाद BCCI का एक्शन, गंभीर, अगरकर और लक्ष्मण को मुंबई बुलाया

इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर टीम इंडिया के खराब प्रदर्शन के बाद बीसीसीआई ने समीक्षा बैठक बुलाई है। गौतम गंभीर, अजित अगरकर और वीवीएस लक्ष्मण गुरुवार को मुंबई में बोर्ड पदाधिकारियों के साथ टीम के प्रदर्शन, खिलाड़ियों की फिटनेस और 2027 वर्ल्ड कप के रोडमैप पर चर्चा करेंगे। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)