आईपीएल 2026 में आठ लगभग एकतरफा मुकाबलों के बाद शनिवार (4 अप्रैल) को डबल हेडर का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक था। इस मुकाबले में आमने-सामने थीं गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें। इस मैच में नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच पर 414 रन 40 ओवर में बने। पूरी तरह से बल्लेबाजों का बोलबाला रहा लेकिन आखिरी दो ओवर में राजस्थान के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और तुषार देशपांडे ने मैच की तस्वीर बदल दी।
एक वक्त गुजरात टाइटंस ने 161 रन पर 7 विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला आसानी से राजस्थान रॉयल्स की तरफ जाता दिख रहा था। फिर यहां से कगिसो रबाडा (16 गेंद 23 रन) और शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में गुजरात की कप्तानी कर रहे राशिद खान (16 गेंद 24 रन) ने मोर्चा संभाला। उसके बाद दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत मैच अंत में रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। गुजरात को जीत के लिए 12 गेंद पर सिर्फ 15 रन चाहिए थे। एक बार फिर मैच राजस्थान के हाथ से फिसलता दिख रहा था।
आखिरी 12 गेंद में आर्चर और तुषार ने पलटी तस्वीर
यहां से किसी ने शायद नहीं सोचा होगा कि गुजरात मैच हारेगी। मगर इसके बाद कप्तान रियान पराग ने गेंद अपने सबसे बड़े गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को थमा दी। आर्चर ने लाजवाब 19वां ओवर निकाला और सिर्फ 4 रन दिए। अब गेंद और रन का अंतर तो बढ़ चुका था लेकिन राजस्थान के लिए चिंता थी कि आखिरी ओवर कौन डालेगा। गेंद फिर तुषार देशपांडे को सौंपी गई। इस ओवर से पहले तुषार की पिटाई भी हुई थी। फिर शुरू हुआ अंतिम 6 गेंदों का रोमांच। 2 ओवर में 20 रन लुटाने वाले तुषार देशपांडे का ओवर शुरू हुआ वाइड बॉल से, और अब बचे थे 6 गेंद पर 10 रन।
सभी की धड़कनें तेज थीं और कोई भी मैच का नतीजा नहीं प्रेडिक्ट कर पा रहा था। यहां से शुरू हुआ तुषार देशपांडे का हीरो बनने का खेल। तुषार ने अगली फुल लेंथ गेंद रबाडा को डाली और सिर्फ एक रन दिया और फिर उन्होंने बैक टू बैक तीन जबरदस्त यॉर्कर फेंकी। पहली वाइड के बाद उन्होंने अगली चार गेंद पर सिर्फ 3 रन दिए और बचे 2 गेंद पर जीत के लिए 7 रन। ओवर की पांचवीं गेंद पर तुषार ने राशिद का विकेट झटका और ओवर की आखिरी गेंद अशोक शर्मा डॉट खेल गए। इस तरह राजस्थान ने 6 रन से मैच जीत लिया।
ध्रुव जुरेल के मास्टरस्ट्रोक से जीता राजस्थान
मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने पूरा वाकिया बताया। उन्होंने कहा जब 12 गेंद पर 15 रन बचे थे तो वह गेंदबाजी अलग तरह से करवाना चाह रहे थे। मगर वहां ध्रुव जुरेल ने उन्हें 19वां ओवर जोफ्रा आर्चर ने डलवाने की सलाह दी। इसे कप्तान ने माना और फिर आखिरी ओवर तुषार देशपांडे ने डाला। पराग ने कहा, वह इससे विपरीत करने की सोच रहे थे। इसलिए मैच के बाद उन्होंने इसका पूरा श्रेय ध्रुव जुरेल को दिया और उनकी बल्लेबाजी की भी जमकर तारीफ की। जुरेल ने इस मैच में 42 गेंद पर 75 रन की बेहतरीन पारी खेली।
राजस्थान रॉयल्स ने रोमांचक मुकाबले में गुजरात को 6 रन से हराया, रवि बिश्नोई ने लिए 4 विकेट
आईपीएल 2026 के 9वें मैच में गुजरात टाइटंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से हुआ। राजस्थान ने इस रोमांचक मुकाबले में गुजरात को 6 रन से हराया। राजस्थान रॉयल्स ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 210 रन बनाए थे। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी। क्लिक करें और जानें पूरे मैच के हाइलाइट्स
