भारतीय टीम ने जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता, उसके बाद टीम इंडिया के लिए तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले एमएस धोनी ने एक खास पोस्ट लिखा। इस पोस्ट की सबसे चर्चित बात बनी धोनी का हेड कोच गौतम गंभीर की हंसी पर लिखना। बाद में गौतम ने भी उस पर रिप्लाई किया। अब एएनआई के पॉडकास्ट में गंभीर ने धोनी की उस पोस्ट पर हंसकर जवाब दिया है। वहीं एक अन्य इंटरव्यू में गौतम गंभीर ने इस वर्ल्ड कप में भारत के लिए क्या टर्निंग पॉइंट था, यह भी बताया है।
क्या था भारत के लिए वर्ल्ड कप का टर्निंग पॉइंट?
गौतम गंभीर ने जियो हॉटस्टार के साथ बात करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के टर्निंग पॉइंट के बारे में बताया। उन्होंने कहा,”यह कहना बहुत मुश्किल है, लेकिन फिर भी मुझे लगता है कि संजू (सैमसन) ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रन की जो पारी खेली, वही इस कैम्पेन का टर्निंग पॉइंट था।”
गंभीर ने आगे कहा,”वह वर्चुअल क्वार्टरफाइनल मुकाबला था। 195 रन वर्ल्ड कप के किसी मैच में चेज करना आसान नहीं होता है, कोई भी ग्राउंड क्यों ना हो। जिस आसान और शांत रवैये से उन्होंने बल्लेबाजी की इससे हमें बहुत आत्मविश्वास मिला। जब संजू का बल्ला चल रहा था और नंबर 3 पर इशान जिस तरह खेले उसने हमें वापस ट्रैक पर ला दिया।”
एमएस धोनी की पोस्ट पर हंसकर दिया कोच ने जवाब
पहले आपको बताते हैं कि एमएस धोनी ने वर्ल्ड कप फाइनल के बाद टीम इंडिया की तारीफ करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की थी। इसमें गौतम गंभीर का भी जिक्र था और उन्होंने लिखा था,”कोच साहब स्माइल आपके ऊपर अच्छी लगती है...।” गौतम ने इंस्टाग्राम पर भी कमेंट किया था और लिखा था,”और स्माइल करने का क्या शानदार कारण है, आपको देखकर अच्छा लगा।” अब गंभीर ने पॉडकास्ट में भी इसका जवाब दिया।
गौतम गंभीर ने एएनआई के पॉडकास्ट में इससे जुड़े सवाल का जवाब देते हुए मुस्कान के साथ कहा,”बतौर कोच कभी-कभी बहुत मुश्किल हो जाता है जब ऐसी स्थिति में आ जाते हैं जिसमें लोग पहले कभी नहीं आए हैं। लेकिन अच्छा लगा कि उन्होंने इस पर पोस्ट की, सच्चाई के साथ। कभी-कभी जब आप डगआउट में होते हैं इतना दबाव होता है कि आप हंसना चाहो भी तो, कौन नहीं हंसना चाहता लेकिन आप नहीं हंस पाते।”
यह भी पढ़ें- “ट्रेन से सफर, कंबल के अंदर खुद को छिपाया”: वर्ल्ड चैंपियन क्रिकेटर ऐसे लौटा घर, जब टीटी ने पूछा कौन शिवम दुबे, तब क्या हुआ?
यह भी पढ़ें- “संजू सैमसन बन सकते हैं कप्तान”: भारतीय दिग्गज का बड़ा बयान, टीम इंडिया के नए टी20 कैप्टन पर दी राय
