भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अब बीसीसीआई की चयन समिति से विदाई हो चुकी है। इस पर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने पोस्ट करते हुए प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने अगर के कार्यकाल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनका योगदान इतिहास में याद रखा जाएगा। वहीं पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने इस पर दिलचस्प अंदाज में प्रतिक्रिया दी है।

गौतम गंभीर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा,”प्रिय अजीत भाई, आपके साथ काम करना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। तीन आईसीसी ट्रॉफियां आपके भरोसे की गवाही देती हैं, जिसमें हमेशा टीम को सर्वोपरि रखा गया। मुझे कहना होगा कि इतिहास आपके योगदान को याद रखेगा। हर चीज के लिए धन्यवाद। आपके भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।”

रविचंद्रन अश्विन ने सीनियर खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए दी प्रतिक्रिया

रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर अजीत अगरकर को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अगरकर के कार्यकाल में सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने का भी जिक्र किया। अश्विन ने कहा,”यह तथ्यात्मक रूप से सही ह कि अजीत अगरकर के ऊपर जिम्मेदारी थी और उन्हें कई बड़े फैसले भी अपने कार्यकाल के दौरान लेने पड़े। उन्हें कई सीनियर खिलाड़ियों को हटाना पड़ा, जो आसान नहीं था। मैं भी उनमें से एक सीनियर खिलाड़ी था जिसे उनके कार्यकाल में हटाया गया।”

रविचंद्रन अश्विन ने अपना पुराना वक्त याद जरूर किया लेकिन अजीत अगरकर के कार्यकाल की बतौर चीफ सेलेक्टर सराहना भी की। उन्होंने आगे कहा,”फिर भी उससे दूरी बनाते हुए मैं अगर देखूं कि टीम के साथ उनका सफर कैसा रहा, तो मैं कहूंगा कि वह चयन समिति के एक अच्छे चेयरमैन साबित हुए।”

अजीत अगरकर के कार्यकाल में हासिल उपलब्धियों पर एक नजर

गौतम गंभीर ने जैसा कि अपने पोस्ट में लिखा कि भारत ने अगरकर के कार्यकाल में तीन आईसीसी ट्रॉफी जीतीं। इसमें एक चैंपियंस ट्रॉफी (वनडे) और दो टी20 वर्ल्ड कप शामिल हैं। इसके अलावा टीम इंडिया 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल तक भी उनके कार्यकाल में ही पहुंची थी। इस दौरान टीम इंडिया ने कई सफलताएं हासिल कीं।

कई कठिन और बोल्ड फैसलों के लिए उनकी आलोचना भी हुई। मोहम्मद शमी को टीम में जगह नहीं मिलना और सूर्यकुमार यादव को वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी से हटाना और टीम से बाहर करना प्रमुख मुद्दे रहे। रोहित शर्मा के भविष्य पर भी इस दौरान कई अटकलें लगी थीं लेकिन सचिव देवजीत सैकिया ने उन सभी को खारिज कर दिया था।

अजीत अगरकर की छुट्टी: BCCI ने चयनकर्ता के लिए मांगा आवेदन, 8 दिन का है समय

बीसीसीआई ने अब साफ कर दिया है कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का कार्यकाल खत्म हो गया है। बोर्ड ने चयनकर्ता पद के लिए आवेदन मांगे हैं। वहीं न्यूजीलैंड दौरे के लिए टी20 स्क्वाड के चयन के लिए हुई बैठक की तस्वीर भी साझा की। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर