भारतीय हॉकी के लिए हाल का दौर उपलब्धियों से भरा रहा है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एफआईएच प्रो लीग में चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद ताजा विश्व रैंकिंग में आठवां स्थान बरकरार रखा है। भारत 3134 अंकों के साथ सातवें स्थान पर मौजूद अर्जेंटीना (3165 अंक) के बेहद करीब है। भारत के बाद फ्रांस, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीमें हैं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग में आठवें स्थान पर रही थी।

वहीं, एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीतकर प्रो लीग में वापसी करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम भी दुनिया की शीर्ष-10 टीमों में बनी हुई है और नौवें स्थान पर कायम है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में पुरुष वर्ग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने वाली प्रो लीग चैंपियन बेल्जियम ने नीदरलैंड्स को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है।

नीदरलैंड्स एक स्थान खिसककर 3513 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड तीसरे, ऑस्ट्रेलिया चौथे और जर्मनी 5वें स्थान पर हैं। स्पेन छठे और सातवें स्थान पर हैं। भारत ने एफआईएच प्रो लीग के यूरोप चरण के आखिरी मैच में रविवार को इंग्लैंड को शूटआउट में 3-2 से हराया।

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम प्रो लीग के 16 मैचों में चार जीत, पांच ड्रॉ, शूटआउट के दो बोनस अंक और सात हार के बाद 19 अंक लेकर आठवें स्थान पर रही। महिला वर्ग में न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप में पांच मैचों के साथ खिताब नाम करने वाली भारतीय टीम 2735 अंक लेकर नौवें स्थान पर है।

वहीं, लगातार चौथी बार प्रो लीग जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह बनाने वाली नीदरलैंड्स 4104 अंक लेकर शीर्ष पर है। अर्जेंटीना (3573) दूसरे और बेल्जियम (3370) तीसरे स्थान पर है। एशियाई टीमों में सबसे प्रभावी प्रदर्शन करने वाली चीन प्रो लीग और विश्व रैंकिंग दोनों में चौथे स्थान पर है। जर्मनी, स्पेन, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शीर्ष दस में शामिल हैं।

एफआईएच पुरुष रैंकिंग (शीर्ष दस)

  • 1: बेल्जियम
  • 2: नीदरलैंड्स
  • 3: इंग्लैंड
  • 4: ऑस्ट्रेलिया
  • 5: जर्मनी
  • 6: स्पेन
  • 7: अर्जेंटीना
  • 8: भारत
  • 9: फ्रांस
  • 10: आयरलैंड

एफआईएच महिला रैंकिंग (शीर्ष 10)

  • 1: नीदरलैंड्स
  • 2: अर्जेंटीना
  • 3: बेल्जियम
  • 4: चीन
  • 5: जर्मनी
  • 6: स्पेन
  • 7: इंग्लैंड
  • 8: ऑस्ट्रेलिया
  • 9: भारत
  • 10: न्यूजीलैंड

कुल मिलाकर, ताजा एफआईएच रैंकिंग भारतीय हॉकी के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आई है। पुरुष टीम ने प्रो लीग में संघर्षपूर्ण अभियान के बावजूद टॉप-10 में जगह बनाए रखी है, जबकि महिला टीम ने खिताबी जीत के दम पर शीर्ष-10 में अपनी मौजूदगी कायम रखी है। आने वाले महीनों में दोनों टीमों से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

भारत का पाकिस्तान पर दबदबा कायम, हॉकी में 7-1 से रौंदा; 3278 दिन से अजेय है टीम इंडिया

भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7-1 से हरा दिया। भारत की तरफ से इस मैच में 7 खिलाड़ियों ने गोल दागे। पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत का सिलसिला 3278 दिन से जारी है। (पूरी मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें)