एफआईएच पुरुष प्रो लीग में भारतीय टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। मनिंदर सिंह के गोल की बदौलत 59वें मिनट तक 1-0 की बढ़त बनाए रखने वाली टीम इंडिया आखिरी क्षणों में रक्षात्मक चूक का शिकार हो गई और स्पेन ने बराबरी कर मुकाबले को शूटआउट में पहुंचा दिया। निर्धारित समय 1-1 से समाप्त होने के बाद शूटआउट में भारत को मंगलवार 24 फरवरी 2026 को 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले से भारतीय टीम को सिर्फ एक अंक मिला, जिससे अंक तालिका में उसकी स्थिति और मुश्किल हो गई।
स्पेन ने मैच में जोरदार शुरुआत की। टीम ने चौथे मिनट में ही अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन ड्रैग फ्लिक को भारतीय गोलकीपर मोहित ने आसानी से बचा लिया। स्पेन को लगा कि उन्होंने आठवें मिनट में बढ़त बना ली है, लेकिन जोस बास्टेरा के गोल को अस्वीकार कर दिया गया। भारत ने दबाव से उबरते हुए 14वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन अमित रोहिदास की ड्रैग फ्लिक को स्पेन के गोलकीपर लुई कैलजाडो ने नाकाम कर दिया।
भारत को सफलता 19वें मिनट में मिली। कप्तान हार्दिक सिंह ने स्पेन के एक खिलाड़ी को पछाड़ते हुए गेंद मनिंदर की ओर बढ़ाई जिन्होंने इसे गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। स्पेन ने पलटवार करते हुए पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन पेपे क्यूनिल के शॉट को सूरज करकेरा ने बचा लिया। मध्यांतर तक भारतीय टीम 1-0 से आगे थी। तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने दबाव बनाया और उन्हें लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन दोनों को मोहित ने बचा लिया।
तीसरे क्वार्टर के अंत में फोर्टुनो को हरा कार्ड दिखाया गया जिससे मैदान पर स्पेन के 10 खिलाड़ी रह गए। भारत ने 44वें मिनट में इसका फायदा उठाकर बढ़त बना ही ली थी, लेकिन कैलजाडो ने पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह के शॉट को शानदार तरीके से रोक दिया। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही संजय को भी हरा कार्ड मिलने से भारत के भी 10 खिलाड़ी रह गए।
स्पेन ने जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन करकेरा फिर डटे रहे। भारत को भी 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन रोहिदास का निशाना चूक गया जबकि कुछ मिनट बाद राजिंदर सिंह की ड्रैग फ्लिक भी लक्ष्य से दूर रही। लगातार कोशिशों के बीच 59वें मिनट में रक्षात्मक चूक से भारत ने फॉन्ट को गोल करके स्पेन को बराबरी दिलाने का मौका दे दिया।
स्पेन को अंतिम 13 सेकेंड में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन टीम गोल नहीं कर सकी जिससे मुकाबला निर्धारित समय में 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। शूटआउट में अभिषेक और हार्दिक सिंह गोल करने से चूक गए जिससे भारत को 3-4 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। भारत को इस मुकाबले से सिर्फ एक अंक मिला। भारत का अगला मुकाबला बुधवार को होबार्ट चरण के चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारत यहां पहले चरण में स्पेन से 0-2 से हार गया था जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के बाद शूटआउट में 4-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत इस समय सात मैच में केवल दो अंक के साथ नौ टीम की प्रतियोगिता में आठवें स्थान पर है।
