एफआईएच मेन्स प्रो लीग में भारत का खराब प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम शनिवार (21 फरवरी) को स्पेन से 0-2 से हार गई। स्पेन के लिए इग्नासियो अबाजो (छठे मिनट) और इग्नासियो कोबोस (36वें मिनट) ने गोल किए। स्पेन ने अनुशासित डिफेंस से मैच का शानदार अंत किया। स्पेन की टीम ने मौकों का फायदा उठाया। भारत ने लगातार अटैक किया, लेकिन मौकों को भुना नहीं पाया।
राउरकेला लेग में बेल्जियम और अर्जेंटीना से दो-दो हार झेलने वाली भारतीय टीम विदेशी लेग में नए कप्तान हार्दिक सिंह की अगुआई में वापसी की उम्मीद कर रही थी। सीरीज का होबार्ट लेग में मेजबान ऑस्ट्रेलिया से भी मुकाबला है। 25 फरवरी तक यह लेग चलेगा। भारत ने मैच की शुरुआत तेज पासिंग से की और शुरू में ही गेंद पर कब्जा जमाए रखने की कोशिश की, लेकिन स्पेन का काउंटर-अटैकिंग की रणनीति अपनाई।
भारत मौके का फायदा नहीं उठा पाया
अबाजो ने इस रणनीति का फायदा उठाया और गोल किया। इस झटके से बेपरवाह भारत ने आक्रामक रुख अपनाए रखा। उसने स्पेन के डिफेंस को भेदा। भारतीय टीम ने कई बार मौके बनाए और क्वार्टर के आखिर में अभिषेक ने एक जोरदार शॉट मारा, लेकिन स्पेनिश गोलकीपर लुइस कैलजाडो ने गोल बचा लिया।
सूरज करकेरा ने गोल बचाया
दूसरे क्वार्टर में शुरू से आखिर तक रोमांच देखने को मिला। दोनों टीमों ने आक्रामक रुख दिखाया और मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर पाईं। स्पेन को मैच का दूसरा पेनल्टी कॉर्नर 24वें मिनट में मिला। हालांकि, भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने गोल बचाया और स्पेन को बढ़त और मजबूत करने से रोक दिया। पहले हाफ के आखिरी मिनटों में स्पेन ने भारत के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
दूसरे हाफ में स्पेन की बढ़च 2-0 हुई
दोनों टीमों ने गोल करने की पूरी कोशिश की,लेकिन कोई भी गोल नहीं कर पाई और स्पेन हाफ टाइम तक 1-0 से आगे था। दूसरे हाफ की शुरुआत में स्पेन ने आक्रामक रुख अपनाया और सूरज करकेरा ने एक शानदार गोल बचाया। स्पेन की रणनीति आखिरकार काम आई जब कोबोस ने गोल करके बढ़त को 2-0 कर दिया।
भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से
स्पेन ने 2-0 की बढ़त के बाद भारत पर लगातार दबाव बनाए रखा। तीसरे क्वार्टर के अंत में पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन भारत के डिफेंस ने अनुशासन के साथ मजबूती से बचाव करते हुए कोई गोल नहीं होने दिया। वापसी करने के लिए उत्सुक भारत ने चौथे और आखिरी क्वार्टर की शुरुआत फ्रंटफुट पर की। स्पेन के सर्कल के अंदर लगातार समय बिताया और मैच का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन मौके को भुना नहीं पाए। भारत अब रविवार को प्रो लीग के होबार्ट लेग के अपने दूसरे मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान पर दो साल का बैन, सच बयां करने का भुगता खमियाजा
