फीफा वर्ल्ड कप 2026 को टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक एक हफ्ते पहले भारत में प्रसारणकर्ता मिल गया है। जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने सोमवार (1 जून) को कहा कि उसने फीफा के साथ करार किया। इसके तहत वह 39 वैश्विक फुटबॉल टूर्नामेंट का प्रसारण करेगा। इसमें इस साल का वर्ल्ड कप, 2027 महिला वर्ल्ड कप और 2030 वर्ल्ड कप भी शामिल है।

फुटबॉल मैच जी के नए लॉन्च हुए यूनाइट8 स्पोर्ट्स चैनेल यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 HD, यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 और यूनाइट8 स्पोर्ट्स 2 HD पर दिखाए जाएंगे और जी5 पर स्ट्रीम किए जाएंगे। माना जा रहा है कि इस डील की कीमत लगभग 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर (332 करोड़ रुपये) है। हालांकि, जी के आधिकारिक बयान में रकम का कोई जिक्र नहीं है।

भारतीय बाजार में बहुत ज्यादा संभावना

बयान में फीफा के चीफ बिजनेस ऑफिसर रोमी गाई के हवाले से कहा गया, ‘फीफा के लिए भारतीय बाजार बहुत जरूरी है क्योंकि इसमें युवा और जोशीले दर्शकों की वजह से बहुत ज्यादा संभावना है। हमारा मानना ​​है कि ‘जी’ का बड़ा प्रसारण और डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन स्थानीय दर्शकों की उनकी गहरी समझ और बहु-प्लेटफॉर्म क्षमता भारत के हर हिस्से में दर्शकों तक फुटबॉल की पहुंच बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे।’

ये टूर्नामेंट होंगे प्रसारित

जी पर प्रसारित होने वाले अन्य टूर्नामेंट में फीफा पुरुष अंडर-17 विश्व कप (2026-2034), फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप (2026-2034), फीफा अंडर-20 पुरुष विश्व कप (2027, 2029, 2031 और 2033), फीफा अंडर-20 महिला विश्व कप (2026, 2028, 2030, 2032 और 2034), फीफा फुटसल पुरुष विश्व कप (2028 और 2032), फीफा फुटसल महिला विश्व कप (2029 और 2033), फीफा महिला विश्व कप (2027) और फीफा इंटरकांटिनेंटल कप (2026-2030) शामिल हैं।

जियोहॉटस्टार भी था रेस में

फीफा ने हाल ही में दो भारतीय प्रसारणकर्ता जियोहॉटस्टार और जी नेटवर्क के एग्जीक्यूटिव के साथ मीटिंग की। जी खेलों के प्रसारण में वापसी की तैयारी में है। फीफा ने शुरू में 2026 और 2030 सत्र के प्रसारण के लिए करीब 100 मिलियन डॉल का कोटेशन दिया था, लेकिन मार्केट में कम दिलचस्पी के कारण अब उसने उम्मीदों को घटाकर करीब 35 मिलियन डॉलर कर दिया है। पूरी खबर पढ़ें