फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन की सबसे बड़ी उम्मीद बने 19 वर्षीय सुपरस्टार लामिन यमाल जब भी गोल करते हैं तो उनकी अंगुलियां हवा में ‘304’ लिखती नजर आती हैं। यह सिर्फ एक गोल सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि उस गरीब बस्ती की पहचान है, जहां उनका बचपन बीता।
आज दुनिया लामिन यमाल को स्पेन और बार्सिलोना के सुपरस्टार फुटबॉलर के रूप में जानती है, जिनकी सालाना कमाई करोड़ों रुपये में है। हालांकि, लामिन यमाल का परिवार गरीबी के ऐसे दिन भी देख चुका है, जब उनके पिता परिवार का पेट भरने के लिए फुटपाथों पर खाना तलाशने को मजबूर थे।
गरीबी, संघर्ष और दूसरों की मदद से शुरू हुई इस सफर की कहानी जितनी प्रेरणादायक है, उतनी ही भावुक भी। दिलचस्प बात यह है कि यमाल के नाम के पीछे भी संघर्ष और दो अनजान मददगारों का अहसान छिपा है, जिन्होंने उनके परिवार के सबसे मुश्किल दिनों में साथ दिया था। लामिन यमाल की यह कहानी किसी का भी दिल छू सकती है।
फीफा विश्व कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद फाइनल में जगह बनाई। अब उसकी नजर दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर है। डलास में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा।
पहले हाफ के 22वें मिनट में लामिन यमाल पर फ्रांस के डिफेंडर लुकास डिन्ये ने बॉक्स के अंदर फाउल कर दिया। इसके बाद मिले पेनल्टी पर मिकेल ओयारजाबाल ने गोल कर स्पेन को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में पेड्रो पोरो ने शानदार गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
लामिन यमाल ने भी गेंद को नेट में पहुंचाया था, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण उनका गोल मान्य नहीं हुआ। इसके बावजूद उनकी रफ्तार, ड्रिब्लिंग और लगातार फ्रांसीसी डिफेंस पर बनाए गए दबाव ने स्पेन की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब स्पेन की नजर फाइनल पर है, लेकिन दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों के बीच लामिन यमाल सिर्फ अपने खेल की वजह से ही नहीं, बल्कि अपनी प्रेरणादायक जिंदगी की वजह से भी चर्चा में हैं।
क्या है ‘304’ सेलिब्रेशन?
अगर आपने लामिन यमाल को गोल करने के बाद हाथों से ‘304’ का इशारा करते देखा है तो यह किसी रिकॉर्ड या जर्सी नंबर का संकेत नहीं है। दरअसल, ‘08304’ स्पेन के कैटालोनिया क्षेत्र के रोकाफोंडा (Rocafonda) इलाके का पोस्टल कोड है। यमाल इसी इलाके में बड़े हुए, जो प्रवासी परिवारों की बड़ी आबादी और आर्थिक तंगी के लिए जाना जाता है।
लामिन यमाल का मानना है कि इंसान कितना भी बड़ा क्यों न बन जाए, उसे अपनी जड़ों को कभी नहीं भूलना चाहिए। यही वजह है कि हर बड़े मंच पर वह ‘304’ दिखाकर अपने मोहल्ले, अपने बचपन और वहां के संघर्षों को याद करते हैं।
गरीबी में बीता बचपन
लामिन यमाल आज भले ही दुनिया के सबसे चर्चित फुटबॉलरों में गिने जाते हों, लेकिन उनका बचपन बेहद मुश्किलों में गुजरा। उनके पिता मुनिर नसरोई मोरक्को और मां शीला एबाना इक्वेटोरियल गिनी से स्पेन आए थे। दोनों बेहतर जिंदगी की तलाश में कैटालोनिया पहुंचे थे, लेकिन शुरुआती साल आर्थिक संघर्ष से भरे रहे।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में लामिन यमाल ने बताया था कि उनकी मां बहुत कम उम्र में मां बनी थीं। परिवार की आर्थिक हालत इतनी खराब थी कि उनके पिता को कई बार पेट भरने के लिए फुटपाथों और सड़कों पर खाना तलाशना पड़ता था। लामिन यमाल कहते हैं कि असली दबाव वही था, जो उनके माता-पिता ने झेला। फुटबॉल मैदान पर मिलने वाला दबाव उसके सामने कुछ भी नहीं है।
नाम के पीछे छिपी शुक्रगुजारी
लामिन यमाल का पूरा नाम लामिन यमाल नसरोई एबाना है। स्पेन में परंपरा के अनुसार बच्चों के नाम के साथ पिता और मां दोनों के उपनाम जुड़ते हैं। हालांकि, दुनिया उन्हें सिर्फ लामिन यमाल के नाम से जानती है।
‘लामिन’ और ‘यमाल’ दोनों अरबी मूल के शब्द हैं। लामिन का अर्थ ईमानदार या भरोसेमंद व्यक्ति होता है, जबकि यमाल (जमाल) का मतलब सुंदरता या आकर्षण है, लेकिन उनके नाम की सबसे खास बात इन शब्दों अर्थ नहीं, बल्कि इसके पीछे की कहानी है।
स्पेनिश मीडिया की कई रिपोर्टों के अनुसार, लामिन यमाल का जब जन्म हुआ था तब उनके माता-पिता आर्थिक संकट से जूझ रहे थे। उसी समय परिवार के दो दोस्तों ने उनकी भरपूर मदद की। उन दोनों के नाम क्रमशः लामिन और यमाल थे। माता-पिता ने उनकी मदद को जीवनभर याद रखने के लिए अपने बेटे का नाम उन्हीं दोनों के नाम पर रख दिया। हालांकि, उन दोनों लोगों की पहचान आज तक सार्वजनिक नहीं की गई है।
ला मासिया से दुनिया के सबसे बड़े मंच तक
लामिन यमाल की प्रतिभा बचपन से ही अलग दिखाई देती थी। महज 12 साल की उम्र में उन्होंने बार्सिलोना की मशहूर अकादमी ला मासिया में प्रवेश लिया। यह वही अकादमी है, जिसने दुनिया को लियोनेल मेसी, जावी और आंद्रेस इनिएस्ता जैसे महान खिलाड़ी दिये।
ला मासिया में लामिन यमाल ने तेजी से अपनी पहचान बनाई। कम उम्र में ही उन्हें बार्सिलोना की सीनियर टीम में मौका मिला और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी ड्रिब्लिंग, गति, बॉल कंट्रोल और बड़े मैचों में आत्मविश्वास ने उन्हें कुछ ही वर्षों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ियों में शामिल कर दिया।
करोड़ों की कमाई, लेकिन नहीं भूले अपनी जड़ें
फुटबॉल में सफलता मिलने के साथ लामिन यमाल की कमाई भी तेजी से बढ़ी। लामिन यमाल ने 2025 में बार्सिलोना के साथ करीब 4 करोड़ यूरो (करीब 440 करोड़ रुपये) का सालाना अनुबंध किया। इसके अलावा एडिडास, वीजा, कोका-कोला, अमेरिकन ईगल और बीट्स बाय ड्रे जैसे कई बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी उनसे जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद लामिन यमाल आज भी अपने बचपन और संघर्ष को कभी नहीं भूलते। इंटरव्यू में वह अक्सर अपने माता-पिता के त्याग और उन लोगों का जिक्र करते हैं, जिन्होंने मुश्किल समय में उनके परिवार का साथ दिया।
मेसी संग बचपन की तस्वीर भी हुई वायरल
लामिन यमाल का नाम पहली बार दुनिया भर में तब भी चर्चा में आया था, जब उनकी बचपन की एक तस्वीर वायरल हुई। उस तस्वीर में वह महज पांच महीने के थे और अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनल मेसी उन्हें गोद में लेकर फोटोशूट करा रहे थे। वर्षों बाद जब लामिन यमाल फुटबॉल की दुनिया में चमके, तब यह तस्वीर फिर सामने आई और सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई। कई प्रशंसकों ने इसे संयोग से कहीं बढ़कर बताया।
फाइनल में इतिहास रचने का मौका
स्पेन ने फ्रांस जैसी मजबूत टीम को हराकर विश्व कप फाइनल में जगह बनाई है। पूरे टूर्नामेंट में लामिन यमाल ने अपनी रचनात्मकता, गति और आक्रमण क्षमता से विपक्षी टीमों को लगातार परेशान किया है। फ्रांस के खिलाफ भी उन्होंने कई बार डिफेंस को तोड़ा, पेनल्टी दिलाई और एक गोल भी किया, जिसे ऑफसाइड करार दे दिया गया।
अब स्पेन का सामना फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। अगर लामिन यमाल फाइनल में भी अपनी टीम को जीत दिलाने में सफल रहते हैं, तो वह न सिर्फ विश्व कप जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल होंगे, बल्कि उनका नाम फुटबॉल इतिहास के सबसे महान युवा खिलाड़ियों की सूची में और मजबूती से दर्ज हो जाएगा।
‘304’ सिर्फ नंबर नहीं, संघर्ष की पहचान है
फुटपाथ पर खाना तलाशने को मजबूर परिवार से निकलकर विश्व कप फाइनल तक पहुंचने का यह सफर सिर्फ एक फुटबॉलर की सफलता की कहानी नहीं है। यह उन लाखों युवाओं के लिए उम्मीद का संदेश है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने का साहस रखते हैं। शायद यही वजह है कि जब भी लामिन यमाल ‘304’ का इशारा करते हैं तो वह सिर्फ एक नंबर नहीं होता, बल्कि अपनी मिट्टी, अपने संघर्ष और उन लोगों के प्रति सम्मान का प्रतीक होता है, जिनकी बदौलत यह सफर संभव हो पाया।
मेसी के पास नंबर 1 बनने का मौका, स्पेन-फ्रांस पहले सेमीफाइनल के बाद सबसे ज्यादा गोल करने वाले टॉप-10 प्लेयर
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल के बाद गोल्डन बूट की रेस में फ्रांस के एम्बाप्पे पहले स्थान पर हैं, लेकिन मेसी के पास उन्हें पीछे छोड़ने का मौका है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
