एक समय ऐसा लग रहा था कि साउथ कोरिया को अपने ही बनाए मौकों की कीमत चुकानी पड़ सकती है। टीम लगातार हमले कर रही थी, मौके बना रही थी, लेकिन गोल नहीं आ रहा था। फिर दूसरे हाफ में चेक गणराज्य ने बढ़त लेकर साउथ कोरिया को और मुश्किल में डाल दिया। हालांकि, ह्वांग इनबोम ने पहले बराबरी कराई और फिर उनकी मदद से ओह ह्योनग्यू ने गोल दागकर साउथ कोरिया को फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ शुरुआत दिला दी। ह्वांग इनबोम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ग्वाडलहारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ कोरिया ने पहले हाफ से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने कई बार चेक गणराज्य के डिफेंस को परेशान किया, लेकिन गोलकीपर माटेज कोवार को मात नहीं दे सकी।

कोवार ने 14वें मिनट में ली कांगिन के तेज बाएं पैर से लगाए गए शॉट को शानदार तरीके से रोक दिया। इसके बाद सोन ह्युंगमिन के पास भी कुछ अच्छे मौके आए, लेकिन वह उन्हें गोल में नहीं बदल पाए। पहले हाफ के इंजरी टाइम में भी सोन एक मौके पर गेंद से सही संपर्क नहीं बना पाए।

59वें मिनट में बदला मैच का रुख

दूसरे हाफ में भी साउथ कोरिया का दबाव जारी रहा। 56वें मिनट के आसपास सोन को फिर मौका मिला, लेकिन फिर कोवार ने उनका प्रयास नाकाम कर दिया। इसके बाद 59वें मिनट में मैच का रुख अचानक बदल गया। चेक गणराज्य ने खेल के प्रवाह के खिलाफ बढ़त हासिल की।

कप्तान लादिस्लाव क्रेजी ने व्लादिमीर कूफल के लंबे थ्रो पर शानदार हेडर लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंगग्यू के पास इस शॉट को रोकने का कोई मौका नहीं था।

हालांकि, साउथ कोरिया ने हार नहीं मानी। सिर्फ आठ मिनट बाद ह्वांग इनबोम ने शानदार अंदाज में बराबरी की। ली कांगिन के बेहतरीन पास को हासिल करने के बाद ह्वांग ने अंदर की ओर कट किया और गेंद को खूबसूरती से गोलकीपर के ऊपर से निकाल दिया।

ओह ह्योनग्यू ने दागा विजयी गोल

इसके बाद 80वें मिनट में ह्वांग फिर अहम साबित हुए। उनके दाएं ओर से दिये गए लो क्रॉस पर ओह ह्योनग्यू ने गोल कर कोरिया को 2-1 की बढ़त दिला दी। अंतिम मिनटों में चेक गणराज्य ने बराबरी के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन साउथ कोरिया की रक्षा पंक्ति को नहीं भेद पाया। 82वें मिनट में एडम ह्लोजेक के शॉट पर किम सेउंगग्यू ने शानदार बचाव कर चेक गणराज्य की आखिरी बड़ी उम्मीद भी खत्म कर दी।

इस जीत के साथ साउथ कोरिया ने यूरोपीय टीमों के खिलाफ वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले उसने 2022 में पुर्तगाल को 2-1 और 2018 में जर्मनी को 2-0 से हराया था।

लगभग 20 साल बाद चेक गणराज्य का वर्ल्ड कप गोल

लादिस्लाव क्रेजी का हेडर चेक गणराज्य के लिए करीब 20 साल बाद वर्ल्ड कप में पहला गोल था। इससे पहले चेक गणराज्य की ओर से आखिरी वर्ल्ड कप गोल 12 जून 2006 को आया था। तब टोमास रोसिकी ने अमेरिका के खिलाफ 3-0 की जीत में तीसरा गोल किया था।

मैच के बाद क्या बोले

कोरिया गणराज्य के कोच होंग म्युंगबो ने कहा, ‘‘यह हमारा पहला मैच था और बहुत मुश्किल मुकाबला था। जीत से मैं खुश हूं, लेकिन सबसे अच्छी बात यह रही कि खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी। मुझे भरोसा था कि हम जीत सकते हैं। 1-1 के बाद मैंने खिलाड़ियों से कहा कि जिस तरह हम खेल रहे हैं, उसी तरह खेलते रहें। अब मैक्सिको के खिलाफ अगला मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण है।’’

विजयी गोल करने वाले ओह ह्योनग्यू ने कहा, ‘‘मैं अपनी भावनाओं को शब्दों में नहीं बता सकता। आज मेरा तापमान 38 डिग्री था और मैं ठीक महसूस नहीं कर रहा था। मुझे लगा कि शायद मैं खेल भी न पाऊं। यह स्टाफ और मेडिकल टीम की मदद से संभव हो सका।’’

FIFA World Cup 2026 Schedule: 39 दिन, 104 मैच, 48 टीमों के बीच जंग; भारत में कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच

FIFA World Cup 2026 Schedule: फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से (भारतीय समय के मुताबिक 12 जून से) होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट में 39 दिन तक कुल 104 मैच खेले जाएंगे। 48 टीमों के बीच महाकुंभ होगा। (पूरा शेड्यूल देखने के लिए क्लिक करें)

दिग्गज शूटर और मनु भाकर के कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन, देश के लिए जीते थे कई मेडल

Manu Bhaker, Who is Shooter Jaspal Rana, Age, Death Reason, Wife Name, Academy: भारत के मशहूर शूटर जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। वह अस्पताल में भर्ती थे। जसपाल राणा महिला शूटर मनु भाकर के कोच भी थे। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)