फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट स्टेज की शुरुआत हो चुकी है। राउंड ऑफ 32 के पहले मैच में कनाडा ने साउथ अफ्रीका को 1-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में एंट्री की है। जबकि दूसरे मैच में ब्राजील का सामना जापान से होगा। इस राउंड में 5 जुलाई तक 16 मुकाबले होंगे और हर मैच की विजेता टीम को अगले राउंड यानी प्री क्वार्टरफाइनल में एंट्री मिलेगी। यह सभी मैच नॉकआउट हैं, हारने वाली टीमों का सफर खत्म हो जाएगा।

कनाडा बनाम साउथ अफ्रीका मैच की बात करें तो, यह मुकाबला 28 जून की रात (रविवार को) लॉस एंजेल्स में खेला गया। संयुक्त मेजबान कनाडा की टीम ने इस वर्ल्ड कप में अभी तक अपना चौंकाने वाला प्रदर्शन जारी रखा है। साउथ अफ्रीका की टीम भी राउंड ऑफ 32 में पहली बार पहुंची थी। मगर टीम का प्रदर्शन यहां खास नहीं रहा और कनाडा से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

आखिरी क्षण में हुआ गोल और कनाडा की जीत

इस मुकाबले के 90 मिनट पूरे हो चुके थे और 7 मिनट का स्टॉपेज टाइम दिया गया था। यानी 90 मिनट से ज्यादा के खेल तक कोई भी टीम एक भी गोल नहीं कर पाई थी। फिर 90+2 मिनट में कनाडा के स्ट्राइकर स्टीफन यूस्टाक्वियो (Stephen Eustaquio) ने गोल दागा और यह गोल मैच का विजयी गोल साबित हुआ। उसके बाद अंत तक अफ्रीका की टीम बराबरी नहीं कर पाई और मैच हार गई। इस मैच में बॉल पजेशन की बात करें तो 58 प्रतिशत गेंद कनाडा के पास रही तो 42 प्रतिशत साउथ अफ्रीका के पास थी।

ब्राजील के सामने जापान की चुनौती

ब्राजील की शुरुआत फीफा वर्ल्ड कप 2026 में खास नहीं थी और मैच मोरोक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ हो गया था। उसके बाद दूसरे मुकाबले में टीम ने वापसी की और हैती को 3-0 से हराया। उसके बाद ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराते हुए राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली। जबकि जापान की टीम ने भी ग्रुप F से शानदार प्रदर्शन किया और राउंड ऑफ 32 में पहुंची।

जापान ने पहला मैच नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला था। उसके बाद ट्यूनीशिया को 4-0 से हराकर टीम ने वापसी की। तीसरे मैच में भी जापान ने ड्रॉ खेला और स्वीडेन के खिलाफ मैच 1-1 पर खत्म हुआ। फिर भी टीम राउंड ऑफ 32 में पहुंची और अब ब्राजील का सामना करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 10.30 बजे से 29 जून को खेला जाएगा।

FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेसी ने रचा इतिहास, अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराया

अर्जेंटीना ने अपने आखिरी लीग मैच में जॉर्डन को 3-1 से हराया। इस मैच में मेसी ने एक गोल किया और वो फीफा वर्ल्ड कप के 7 सीजन में लगातार गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर