कभी परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए अपने पुराने क्लब के कपड़े बेचने वाले ओरलैंड गिल ने भारतीय समयानुसार मंगलवार (30 जून 2026) सुबह वह कर दिखाया, जिसकी कल्पना शायद उन्होंने भी नहीं की रही होगी। पैराग्वे के इस 6 फुट 6 इंच लंबे गोलकीपर ने जर्मनी के खिलाफ वर्ल्ड कप मुकाबले में दो पेनल्टी बचाकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई और चार बार की चैंपियन टीम का सफर खत्म कर दिया।
ओरलैंड गिल की कहानी सिर्फ एक मैच की नहीं है। दो साल पहले उनकी पत्नी की एक सोशल मीडिया पोस्ट में उनके संघर्ष का जिक्र था, कैसे बेटे के जन्म के बाद मुश्किल हालात में उन्होंने परिवार को संभालने के लिए अपने कपड़े तक बेच दिए थे। उस समय उस पोस्ट पर किसी की नजर नहीं गई, लेकिन वर्ल्ड कप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद वही पुरानी पोस्ट फिर चर्चा में आ गई।
फॉक्सबोरो के बोस्टन स्टेडियम में सोमवार रात जब फ्लडलाइट्स के नीचे ओरलैंड गिल ने जर्मनी के एक के बाद एक हमले रोके, तब दुनिया ने सिर्फ एक गोलकीपर को नहीं देखा, बल्कि उस इंसान के संघर्ष को भी जाना, जो संघर्षों से होकर वर्ल्ड कप तक पहुंचा और इतिहास रच दिया।
मैच खत्म होने के बाद कॉर्नर फ्लैग के पास ओरलैंड गिल ने दोनों हाथ फैलाए। छह फुट छह इंच का यह गोलकीपर उस पल और भी बड़ा नजर आ रहा था। साथी खिलाड़ी दौड़कर उनसे लिपट गए और कुछ ही देर में वह भीड़ में छिप गए। ऐसा लग रहा था जैसे वह सिर्फ जीत का जश्न नहीं मना रहे थे, बल्कि वर्षों के संघर्ष का बोझ कुछ देर के लिए नीचे रख रहे थे।
दीवार बनकर खड़े रहे ओरलैंड गिल
जर्मनी के लिए यह मुकाबला उस दौर की एक और याद बन गया, जब कभी मशीन की तरह चलने वाली उनकी टीम अब पुराने आत्मविश्वास की तलाश में नजर आती है। दूसरी तरफ पैराग्वे ने सीमित मौके बनाए, लेकिन जब सबसे ज्यादा जरूरत थी तब उनका गोलकीपर दीवार बनकर खड़ा हो गया।
पेनल्टी शूटआउट में ओरलैंड गिल ने पहले ही प्रयास में काई हावर्ट्ज को रोक दिया। हावर्ट्ज का शॉट नीचे की तरफ था, लेकिन ओरलैंड गिल ने सही दिशा पढ़ ली। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी लगातार गोल करते रहे और मुकाबला बराबरी पर चलता रहा।
जब बदला मैच का रुख
फिर आया वह पल जिसने मैच का रुख बदल दिया। निक वोल्टेमाडे की पेनल्टी पर ओरलैंड गिल ने फिर सही अनुमान लगाया और गेंद को रोक दिया। चार जर्मन पेनल्टी में दो बचाव- यह आंकड़ा किसी भी गोलकीपर के लिए सपने जैसा होता है।
इसके बाद जर्मनी पर दबाव बढ़ गया। पैराग्वे के एंटोनियो सानाब्रिया के पास मैच खत्म करने का मौका था, लेकिन उनका शॉट बाहर चला गया। जर्मनी को वापसी की उम्मीद मिली, लेकिन जोशुआ किमिख, जमाल मुसियाला और बाकी खिलाड़ियों की कोशिशों के बाद भी निर्णायक पल नहीं आया।
वर्ल्ड कप की सबसे यादगार जीत
आखिरी जिम्मेदारी जर्मनी के डिफेंडर जोनाथन टाह पर थी। इससे पहले अतिरिक्त समय में उन्होंने गोल किया था, लेकिन VAR के बाद वह रद्द हो गया। शूटआउट में वही खिलाड़ी टीम को जीत दिला सकता था, लेकिन उनका शॉट गोल के ऊपर चला गया और पैराग्वे ने वर्ल्ड कप इतिहास की अपनी सबसे यादगार जीत में से एक दर्ज कर ली।
पेनल्टी शूटआउट के पहले से शुरू हुई थी कहानी
मैच की कहानी सिर्फ पेनल्टी शूटआउट से शुरू नहीं हुई थी। पहले हाफ के 42वें मिनट में पैराग्वे ने जर्मनी की एक छोटी सी गलती का फायदा उठाया। कॉर्नर के बाद मैनुअल न्यूर गेंद को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर पाए और अल्मीरॉन ने ढीली गेंद पर नजर रखी। पास अंदर गया और माटियास गालार्जा के जरिये गेंद जूलियो एंसीसो तक पहुंची।
एंसीसो ने क्रॉस पर जोरदार हेडर लगाया और पैराग्वे को बढ़त दिला दी। जर्मनी ने लंबे समय तक गेंद अपने पास रखी, लेकिन उनके हमले ज्यादातर बेअसर रहे। पैराग्वे ने सिर्फ करीब 21 प्रतिशत समय गेंद पर नियंत्रण रखा, मगर उनका रक्षात्मक ढांचा मजबूत रहा।
दूसरे हाफ में जर्मनी ने वापसी की। 54वें मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज के शानदार क्रॉस पर काई हावर्ट्ज ने हेडर से बराबरी कर दी। बड़े मुकाबलों में हावर्ट्ज का प्रदर्शन अक्सर अलग नजर आता है और उन्होंने फिर टीम को संकट से बाहर निकाला, लेकिन इसके बाद दोनों टीमें अतिरिक्त समय तक कोई निर्णायक मौका नहीं बना सकीं।
जर्मनी के दबाव और पैराग्वे की रक्षात्मक मजबूती के बीच मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंच गया। जहां एक तरफ जर्मनी के लिए यह निराशा की रात थी, वहीं ओरलैंड गिल के लिए यह उस सफर का सबसे बड़ा पड़ाव बन गया, जिसकी शुरुआत संघर्ष से हुई थी।
पत्नी की दो साल पुरानी तस्वीर वायरल
जिस पोस्ट को दो साल पहले लगभग किसी ने नहीं पढ़ा था, वही अब लाखों लोगों तक पहुंच रही है। उसमें लिखा था कि जब हालात मुश्किल थे, तब ओरलैंड गिल ने परिवार के लिए अपने पुराने कपड़े बेच दिए थे। अब वही गोलकीपर वर्ल्ड कप में जर्मनी जैसी टीम को रोककर पैराग्वे का हीरो बन चुका है।
ओरलैंड गिल की कहानी शायद इसलिए खास है, क्योंकि यह सिर्फ फुटबॉल की जीत नहीं है। यह उस सफर की कहानी है, जहां एक खिलाड़ी ने पहले जिंदगी की मुश्किलों से पेनल्टी बचाई और फिर दुनिया के सबसे बड़े मंच पर विपक्षियों की पेनल्टी रोक दी।
FIFA World Cup: 4 बार की चैंपियन जर्मनी विश्व कप से बाहर, रोमांचक मैच के बाद ब्राजील राउंड ऑफ 16 में पहुंची
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में दूसरे दिन बड़ा उलटफेर हुआ। पराग्वे ने चार बार की चैंपियन जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हराकर सभी को हैरान कर दिया। वहीं जापान ने ब्राजील को कांटे की टक्कर दी और अंत में जीत 1-2 से ब्राजील को मिली। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
