लियोनेल मेसी ने एक बार फिर अर्जेंटीना के लिये ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाई और मिस्र के खिलाफ 79वें मिनट तक 2 गोल से पिछड़ रही मौजूदा चैम्पियन टीम को 3-2 से जीत के साथ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। निर्धारित समय में 11 मिनट बाकी रहने तक अर्जेंटीना दो गोल से पिछड़ रहा था और ऐसा लगने लगा था कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद मेसी की फुटबॉल के महासमर से विदाई का समय आ गया है।
इसके बाद अर्जेंटीना ने चमत्कारिक वापसी करते हुए तीन गोल दागकर जीत दर्ज की और दुनिया भर में उसके करोड़ों प्रशंसकों ने भी राहत की सांस ली। इसमें से बराबरी का गोल 83वें मिनट में छठा विश्व कप खेल रहे मेसी ने दागा था जिनके अब विश्व कप कैरियर में 21 गोल हो गए हैं। अब अर्जेंटीना का सामना शनिवार (11 जुलाई) को कंसास सिटी में स्विटजरलैंड या कोलंबिया से होगा।
मेसी अपने आंसू नहीं रोक सके
आखिरी सीटी बजने के बाद मेसी अपने आंसू नहीं रोक सके। उन्होंने 83वें मिनट में इस विश्व कप में आठवां गोल करके टीम को 2-2 से बराबरी पर पहुंचाया। विजयी गोल स्टॉपेज टाइम में एंजो फर्नांडिस ने दागा। वहीं क्रिस्टियन रोमेरो ने 79वें मिनट में अर्जेंटीना के लिये पहला गोल किया था।
मेसी पेनल्टी को गोल में नहीं बदल पाए
मिस्र ने यासिर इब्राहिम और मुस्तफा जिको के गोल के दम पर 2-0 से बढ़त बना ली थी। मेसी को पहले हाफ में मौका मिला था, लेकिन उनकी पेनल्टी किक को मिस्र के गोलकीपर मुस्तफा शोबीर ने बचा लिया था। फिर जब स्कोर 1-0 था, तब उनका शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया। अर्जेंटीना की नजरें लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली ब्राजील (1958 और 1962) के बाद पहली टीम बनने पर है।
15वें मिनट में मिस्र ने बढ़त बना ली
मैच से पहले अर्जेंटीना को प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन 15वें मिनट में मिस्र ने बढ़त बना ली जब लिसांद्रो मार्तिनेज को चकमा देकर इब्राहिम ने मारवान आतिया के क्रॉस पर गोल दाग दिया। अर्जेंटीना को तुरंत पेनल्टी स्पॉट के साथ बराबरी का मौका मिला, लेकिन मेसी के शॉट को शोबीर ने बायीं ओर डाइव लगाकर बचा लिया।
मेसी आस्ट्रिया के खिलाफ पेनल्टी पर चूके थे
इससे पहले ग्रुप चरण में मेसी आस्ट्रिया के खिलाफ पेनल्टी पर चूके थे। विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक गोल अपने नाम कर चुके मेसी टूर्नामेंट में आठ में से चार पेनल्टी किक पर गोल करने में नाकाम रहे हैं। मिस्र ने दूसरे हाफ में जिको के गोल पर बढ़त दुगुनी कर ली थी लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद वह गोल अमान्य करार दिया गया। जिको ने ही 67वें मिनट में हालांकि मिस्र के लिये दूसरा गोल दागा।
FIFA विश्व कप 2026 में सबसे ज्यादा गोल करने वाले शीर्ष 25 खिलाड़ी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में 8 में से छह मैच हो चुके हैं। अभी तक टॉप स्कोरर में किलियन एम्बाप्पे टॉप पर बने हैं। जबकि मेसी और हालैंड इस वक्त बराबरी पर हैं। रोनाल्डो इस लिस्ट के टॉप 20 में भी नहीं हैं। पूरी खबर पढ़ें।
