मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने 2026 FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, लेकिन यह मुकाबला विवादों में घिर गया। लियोनल मेसी की टीम की रोमांचक जीत के बाद मिस्र के हेड कोच होसाम हसन रेफरी और FIFA पर भड़क उठे। उनका आरोप है कि उनकी टीम को पेनल्टी नहीं दी गई और एक वैध गोल भी रद्द कर दिया गया एवं पूरे मैच में फैसले अर्जेंटीना के पक्ष में रहे।
होसाम हसन ने कहा कि अटलांटा में उनकी टीम के साथ ‘नाइंसाफी’ हुई। उन्होंने रेफरी और FIFA पर आरोप लगाया कि वे मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना के पक्ष में थे। 2026 FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना बनाम मिस्र मैच के स्टॉपेज टाइम में अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडीज के विनिंग गोल करने के बाद मिस्र की टीम का बेंच गुस्से से भर गया। इसके बाद हुए हंगामे के कारण रेफरी ने हसन के स्टाफ के एक सदस्य को रेड कार्ड दिखाया।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए होसान हसन ने कहा, ‘‘हम यह जीत हासिल करने के हकदार थे, लेकिन हम गर्व के साथ जा रहे हैं क्योंकि वहां न तो फेयर प्ले था और न ही सम्मान।’’ होसान हसन ने कहा, ‘‘इस मैच में फेयर प्ले नहीं हुआ और मैं इससे खुश नहीं हूं। हमारे साथ नाइंसाफी हुई है। FIFA ‘फेयर प्ले’ का नारा तो लगाता है, लेकिन मैदान पर ऐसा कुछ नहीं दिखता… अगर गलतियां न हुई होतीं, तो नतीजा कुछ और होता।’’
एंजो फर्नांडेज के गोल के बाद स्टॉपेज टाइम में रेफरी को होसान हसन से लंबी बातचीत करते देखा गया। होसान हसन ने इस घटना के बारे में कहा, ‘‘मैंने रेफरी से कहा- यह गलत है। मैंने कहा कि शायद उनके मन में कोई बात दबी है या वह कुछ छिपा रहे हैं। अगर कोई कुछ छिपाने की कोशिश करता है तो अक्सर वह छिपा नहीं पाता।’’ होसान हसन ने कहा, ‘‘खैर, मैं घर जा रहा हूं और टूर्नामेंट के बाकी मैच नहीं देखूंगा। हमारे साथ जो हुआ, वह सही नहीं था। हमें पेनल्टी मिलनी चाहिए थी, एक गोल रद्द कर दिया गया। मुझे नहीं पता कि उसे क्यों रद्द किया गया।’’
होसान हसन उस पेनल्टी किक की अपील का जिक्र कर रहे थे जो मिस्र ने तब की थी जब जूलियन अल्वारेज ने अर्जेंटीना के बॉक्स के अंदर उनके कप्तान मोहम्मद सालाह को गिरा दिया था। मैच में लगभग एक घंटे के खेल के बाद मिस्र का एक और गोल रद्द कर दिया गया। यह गोल उनके काउंटर-अटैक की शुरुआत में अर्जेंटीना के सेंटर-बैक लिसैंड्रो मार्टिनेज के खिलाफ हुए फाउल की वजह से नहीं माना गया। गोल करने वाले खिलाड़ी मोस्तफा जिको थे। कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने मिस्र के लिए दिन का दूसरा गोल कर ही दिया।
इसका मतलब था कि निर्धारित समय में 20 मिनट से कुछ ज्यादा समय बाकी रहते हुए अर्जेंटीना से मिस्र 2-0 से आगे था। हालांकि, इसके बाद अर्जेंटीना ने जबरदस्त वापसी की। लियोनल मेसी के क्रॉस पर क्रिस्टियन रोमेरो ने हेडर से गोल करके मिस्र की बढ़त को आधा कर दिया। इसके बाद मेसी ने खुद बराबरी का गोल दागा। फिर मैच के आखिरी मिनटों में फर्नांडेज ने विनिंग गोल किया।
FIFA World Cup: 0-2 से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना की शानदार वापसी, 11 मिनट में पलटी बाजी, मेसी बने संकटमोचक
मेसी ने एक बार फिर अर्जेंटीना के लिये ‘संकटमोचक’ की भूमिका निभाई और मिस्र के खिलाफ 79वें मिनट तक 2 गोल से पिछड़ रही मौजूदा चैम्पियन टीम को 3-2 से जीत के साथ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
