फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में ब्राजील की चौकाने वाली हार से केरल में मायूसी का माहौल है, जहां के प्रशंसक निराशा में टीम के विशाल कटआउट हटाने के साथ भावुक वीडियो साझा किए और महान फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय करियर को भावुक अंदाज में विदाई दी। केरल में फुटबॉल केवल खेल नहीं बल्कि एक जुनून है और ब्राजील की हार ने बड़ी संख्या में यहां मौजूद प्रशंसकों को झकझोर दिया।
पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील की प्री-क्वार्टर फाइनल में नॉर्वे से 1-2 की हार से मलप्पुरम से लेकर कोझिकोड तक निराशा में दिखा। हार के बाद सोशल मीडिया और सार्वजनिक स्थानों पर निराशा और भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। विश्व कप से पहले केरल के कई इलाकों में नेमार और ब्राजील के अन्य खिलाड़ियों के विशाल कटआउट और फ्लेक्स लगाए गए थे, जो ब्राजील फुटबॉल के प्रति राज्य के गहरे लगाव का प्रतीक थे, लेकिन हार के कुछ घंटों के भीतर ही निराश समर्थकों ने इनमें से अधिकांश कटआउट और बैनर हटा दिए।
नॉर्वे की जीत से त्सव का माहौल सन्नाटे में बदला
सोशल मीडिया पर ब्राजील समर्थकों की भावुक प्रतिक्रियाओं वाले कई वीडियो वायरल हो गए। सबसे मार्मिक वीडियो में एक छोटा बच्चा हार के बाद बिस्तर पर लेटकर फूट-फूटकर रोता दिखाई दिया, जबकि उसकी मां उसे सांत्वना देने की कोशिश करती रही। कोझिकोड से सामने आए एक अन्य वीडियो में सार्वजनिक स्क्रीनिंग के दौरान पीली जर्सी पहने सैकड़ों प्रशंसक ब्राजील के हर आक्रमण पर उत्साह से झूमते नजर आए। हालांकि, नॉर्वे के विजयी गोल के साथ ही उत्सव का माहौल अचानक गहरे सन्नाटे में बदल गया।
2002 के बाद हमारे हिस्से में केवल उम्मीदें ही आईं
राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों के किनारे लगे ब्राजील के विशाल फ्लेक्स और बैनर हटाते समर्थकों के दृश्य भी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए गए। एक प्रशंसक ने फेसबुक पर मलयालम में लिखा, ‘पांच बार का विश्व चैंपियन ब्राजील अब सिर्फ इतिहास के सहारे जीता नजर आता है। 2002 के बाद हमारे हिस्से में केवल उम्मीदें ही आई हैं। इस बार भी सपना प्री-क्वार्टर फाइनल में टूट गया।’
आपकी जगह कोई नहीं ले सकता
ब्राजील की हार के तुरंत बाद नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी, जिससे प्रशंसकों की निराशा और बढ़ गई। उनकी घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर भावुक संदेशों की बाढ़ आ गई। एक प्रशंसक ने लिखा, ‘किंग, यादगार लम्हों के लिए धन्यवाद। आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।’
2022 की कहानी फिर दोहराई गई
वरिष्ठ माकपा नेता और ब्राजील के प्रबल समर्थक वी. शिवनकुट्टी ने भी फेसबुक पर लिखा, ‘फुटबॉल को इतना खूबसूरत बनाने के लिए धन्यवाद, नेमार।’ इस बीच अर्जेंटीना के समर्थक और माकपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री एम.एम. मणि ने हल्के-फुल्के अंदाज में ब्राजील समर्थकों पर तंज कसते हुए फेसबुक पर लिखा, ‘आज से ब्राजील के सभी प्रशंसक ‘ब्रांस (ब्राजील + फ्रांस)’ बन गए हैं… 2022 की कहानी फिर दोहराई गई।’
नेमार ने लिया संन्यास
नॉर्वे के खिलाफ नेमार ने अतिरिक्त समय के 10वें मिनट में पेनल्टी से मैच का एकमात्र गोल दागा, जिससे ब्राजील के लिए 130 मैचों में उनके गोलों की संख्या 80 हो गई, साथ ही उन्होंने 59 असिस्ट भी किए। दिग्गज पेले के मुकाबले उन्होंने 3 गोल ज्यादा किए हैं। पूरी खबर पढ़ें।
