फीफा वर्ल्ड कप 2026 के तीसरे दिन पहले चार मैचों के परिणाम सामने आ चुके हैं। पहले दो मैचों में नतीजा नहीं निकल पाया था और दोनों मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए थे। मोरोक्को ने ब्राजील को रोका था तो कतर ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ ड्रॉ खेला था। उसके बाद दिन के अगले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टर्की को हराते हुए उलटफेर किया। ग्रुप डी में इसके बाद अमेरिका के लिए खतरा भी बढ़ चुका है। वहीं स्कॉटलैंड ने ग्रुप सी के मुकाबले में हैती को हराकर तीन अंक हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया ने फुटबॉल के महाकुंभ में टर्की की मजबूत टीम को 2-0 से हराकर अपनी दस्तक दी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम के इस प्रदर्शन से ग्रुप डी में टॉप पर मौजूद अमेरिका के लिए भी खतरा बढ़ चुका है। इस मैच में जीत के साथ ग्रुप डी में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया को इस मैच में पहले हाफ में ही बढ़त मिल गई थी। नेस्टोरी ईरानकुंडा ने कॉनर मेटकाफ के बेहतरीन एसिस्ट पर गोल दाग दिया।
ईरानकुंडा अब ऑस्ट्रेलिया के सबसे कम उम्र के वर्ल्ड कप गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने 20 साल और 125 दिन की उम्र में फीफा गोल करते हुए ब्रेट होल्मन का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके बाद कॉनर मेटकाफ ने 75वें मिनट में बॉक्स के बाहर से एक जोरदार लो-स्ट्राइक गोल दागा और ऑस्टेलिया को 2-0 से आगे पहुंचा दिया। यहां से कंगारू टीम की जीत लगभग पक्की हो चुकी थी। फिर अंत में ऑस्ट्रेलिया ने टर्की को 2-0 से हराकर उलटफेर कर दिया।
स्कॉटलैंड ग्रुप सी में बनी नंबर 1
ग्रुप सी में ब्राजील और मोरोक्को का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। वहीं ग्रुप सी के दूसरे मैच में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से मात दी। इस मैच में स्कॉटलैंड के लिए जॉन मैकगिन ने बेहतरीन गोल दागा और 28 साल बाद फीफा वर्ल्ड कप में लौटी स्कॉटिश टीम ने जीत से टूर्नामेंट का आगाज किया। इस जीत के बाद स्कॉटलैंड ग्रुप सी में 3 अंक के साथ टॉप पर पहुंच गई है। जबकि मोरोक्को दूसरे और ब्राजील तीसरे स्थान पर है।
FIFA World Cup 2026 Schedule: 39 दिन, 104 मैच, 48 टीमों के बीच जंग; भारत में कब, कहां देख पाएंगे लाइव मैच
FIFA World Cup 2026 Schedule: फीफा विश्व कप 2026 का आगाज 11 जून से (भारतीय समय के मुताबिक 12 जून से) हो चुका है। इस टूर्नामेंट में 39 दिन तक कुल 104 मैच खेले जाएंगे। 48 टीमों के बीच महाकुंभ होगा। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
