न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए शुक्रवार (16 अगस्त) को भारतीय टीम का ऐलान हो गया। वनडे टीम में यशस्वी जायसवाल का चयन नहीं हुआ है। यह विदेश में लगातार दूसरी वनडे सीरीज है, जिसमें यशस्वी नहीं चुने गए हैं। इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी उन्हें नहीं चुना गया था, जबकि उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में 2 शतक जड़े थे। हालांकि, जायसवाल वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन न्यूजीलैंड दौरे पर मौका नहीं मिला।

शुभमन गिल और रोहित शर्मा के अलावा टीम में ऋतुराज गायकवाड़ और इशान किशन ओपनिंग के विकल्प हैं। ऐसे में यह सवाल उठने लगा है कि क्या यशस्वी 2027 वर्ल्ड कप की योजनाओं में हैं? जनसत्ता से बातचीत में कोच ज्वाला सिंह ने यशस्वी को न चुने जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में उतार-चढ़ाव लगा रहता है। यशस्वी को इसे चैलेंज की तरह लेना चाहिए। आगे मौका मिलने पर रन बनाकर दावा ठोकना पड़ेगा।

100 बनाने के बाद भी टीम में नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण

ज्वाला सिंह ने कहा, ‘मेरे हिसाब से इशान किशन को मौका मिला है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि उसने (यशस्वी) आखिरी जो वनडे खेला था उसमें सेंचुरी किया था। तो उसको होना चाहिए था, क्योंकि अगर आप 100 बनाने के बाद भी टीम में जगह नहीं बनाते हो, तो थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण ही है। हालांकि, जिस तरीके से इशान किशन ने इस समय बल्लेबाजी किया है, बहुत रन बनाए हैं, टी20 में रन बनाए हैं और सबसे बड़ी बात है घरेलू क्रिकेट में दिलीप ट्रॉफी में उन्होंने करीब पौने तीन सौ (275) रन बनाए। वह लगातार दरवाजा खटखटा रहे थे और चयनकर्ताओं को लगा होगा कि शायद वो ज्यादा प्रभावी हो सकते हैं, क्योंकि वनडे में अगर विकेटकीपर देखें तो केएल राहुल थे और उनके साथ अब विकेटकीपिंग ऑप्शन में इशान किशन हैं।

यशस्वी को फिर से अपना दावा ठोकना पड़ेगा

ज्वाला सिंह ने आगे कहा, ‘शायद चयनकर्ताओं को लगा होगा कि उनको एक और अतिरिक्त विकेटकीपर रखना चाहिए। यह एक एंगल हो सकता है, लेकिन यशस्वी ने जिस तरीके से प्रदर्शन किया है मुझे लगता है कि वह टीम में होना चाहिए था। एक खिलाड़ी अगर शतक बनाता है अपने आखिरी मैच में और उसके बाद वो नहीं चुना जाता है, तो जरूर थोड़ा दुर्भागयूर्ण है। अब यह क्यों हुआ है वह तो मैं नहीं बता सकता क्योंकि चयनकर्ता अपना एक कॉम्बिनेशन लेकर जाते हैं। कोच के तौर पर मुझे लगता है कि उसको रखना चाहिए था। फिर भी क्रिकेट में हमेशा उतार-चढ़ाव लगा रहता है। किसी को मौका मिलता है, किसी को नहीं मिलता है। तो इसको एक चैलेंज की तरह देखना चाहिए और आगे जितने भी उसको मैच मिलेंगे, जो भी सीरीज खेलेगा, उसमें उसको रन बनाना पड़ेगा और फिर से अपना दावा ठोकना पड़ेगा।’

न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की वनडे टीम का ऐलान

भारतीय टीम 4 नवंबर 2026 से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। इस दौरे पर वनडे सीरीज के लिए दो स्क्वाड जारी किए गए हैं। पहले तीन मैचों में शुभमन गिल कप्तानी करेंगे और आखिरी दो मैचों के लिए कप्तानी श्रेयस अय्यर को दी गई है। इशान किशन चौथे व पांचवें वनडे में उपकप्तानी करेंगे। पूरी खबर पढ़ें।