टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी हाथ भी मिलाते दिखेंगे। भारत के खिलाफ मुकाबला खेलने को लेकर गतिरोध खत्म करने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के साथ हुई बैठक में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कई मांगें रखी थीं, जिनमें एक मांग यह भी थी कि भारतीय खिलाड़ी मैच के दौरान पाकिस्तान टीम से हाथ मिलाएं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, आईसीसी ने उसकी यह मांग मान ली है। भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप के लीग मैच में हाथ मिलाएंगे।

पहलगाम आंतकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान की टीमें पिछले साल सितंबर में एशिया कप के दौरान पहली बार आमने-सामने थीं। टूर्नामेंट में तीन बार दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ और तीनों बार भारत ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। पिछले साल 14 सितंबर को हुए लीग मैच में टॉस के दौरान सूर्यकुमार यादव ने सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। मैच में भारत को जीत दिलाने के बाद वह शिवम दुबे के साथ सीधे पवेलियन चले गए। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाया।

एशिया कप की ट्रॉफी लेकर चले गए नकवी

भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने 21 फरवरी को सुपर-4 स्टेज में भी हाथ नहीं मिलाया। 28 सितंबर को फाइनल में सबसे ज्यादा ड्रामा हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के गृह मंत्री और पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। नकवी इससे इतना गुस्सा हुए कि वह एशिया कप की ट्रॉफी लेकर चले गए। भारतीय टीम को वह ट्रॉफी अब तक नहीं मिली।

भारत का पलड़ा भारी

एशिया कप 2025 के फाइनल के बाद 15 फरवरी को पहली बार भारत-पाकिस्तान की सीनियर टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों का एशिया कप या किसी आईसीसी टूर्नामेंट में ही आमना-सामना होता है। टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार है। दोनों टीमों का आठ बार आमना-सामना हुआ है। भारतीय टीम ने 7 बार जीत दर्ज की है। पाकिस्तान को सिर्फ एक जीत मिली है। टी20 में दोनों टीमों का 16 बार आमना-सामना हुआ है। पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच जीता है।

यह भी पढ़ें: नामीबिया की हार, नीदरलैंड्स का कमाल; पाकिस्तान टॉप 2 से बाहर, भारत नंबर 1 पर बरकरार