एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन के घूंसों में सिर्फ पंच की ताकत नहीं, एक अधूरी थाली का संघर्ष भी छिपा है। बचपन में लवलीना बोरगोहेन के लिए भरपेट भोजन मिलना ही किसी जीत से कम नहीं था। हालांकि, आज वही मुक्केबाज अपनी थाली में मौजूद हर निवाले के पोषण का हिसाब रखती हैं। असम के गोलाघाट जिले के बरमुखिया गांव से निकलकर ओलंपिक पदक और एशियन गेम्स चैंपियन लवलीना बोरगोहेन के लिए भोजन सिर्फ भूख मिटाने का जरिया नहीं, बल्कि खेल और जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है।
लवलीना बोरगोहेन बताती हैं कि उनके बचपन में मुख्य भोजन भात था और परिवार के लिए जीवन-यापन आसान नहीं था। कभी भरपेट खाना मिलता था, कभी नहीं। खेल की दुनिया में आने के बाद उन्हें समझ आया कि एक खिलाड़ी के लिए सिर्फ पेट भरना पर्याप्त नहीं, बल्कि भोजन में प्रोटीन, फाइबर और दूसरे जरूरी पोषक तत्वों का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आज वह न सिर्फ अपनी डाइट को लेकर सजग हैं, बल्कि गांव के बच्चों को भी स्थानीय भोजन के जरिये संतुलित पोषण की समझ देने की कोशिश कर रही हैं।
भात ही था पूरा भोजन
लवलीना बोरगोहेन बताती हैं, उस समय भोजन ही प्रिय था। जो मिलता खा लेते। परिवार में जीवनयापन ही कठिन था। कभी भरपेट मिलता था, कभी नहीं। मुख्य भोजन सिर्फ भात था, लेकिन शरीर को पुष्ट करने वाले तत्व नहीं थे। जब खेलना शुरू किया तो तब पता चला कि स्वस्थ जीवन के लिए आहार कितना जरूरी है। आज भी गांव में बहुत लोगों के लिए आहार का मतलब है कि बस कोई भी खाना मिल जाए, जिससे ऊर्जा मिल जाए।
बच्चों को सिखा रहीं थाली का विज्ञान
ओलंपिक पदक जीतने के बाद लवलीना बोरगोहेन ने अपने गांव में प्रशिक्षणशाला शुरू की। मकसद सिर्फ मुक्केबाजी के साथ-साथ सही खाने के बारे में सिखाना था। लवलीना बोरगोहेन ने कहा, ‘‘हम पूर्वोत्तर के भोजन को हटा नहीं सकते, लेकिन उसमें से क्या उचित है (जैसे कितना अनाज, कितना प्रोटीन, कितना रेशा (फाइबर) देना है), उसे सही रूप में देने की कोशिश कर रहे हैं। मैं बच्चों को सिखाती हूं कि जब थाली लो तो देखो कि प्रोटीन किसमें है, शर्करा किसमें है, फाइबर किसमें है।’’
लवलीना बोरगोहेन मानती हैं कि भारत में हर दस किलोमीटर पर खान-पान बदल जाता है, इसलिए स्थानीय भोजन में ही संतुलित पोषण की समझ जरूरी है, ताकि भविष्य के चैंपियनों को भूख से नहीं लड़ना पड़े।
यात्रा में ऐसे प्रबंध करती हैं लवलीना बोरगोहेन
लवलीना बोरगोहेन ने बताया, ‘‘सबसे पहले हमारे साथ न्यूट्रिशनिस्ट होते हैं। यात्रा के दौरान टीम में साथ रहते हैं या फोन पर संपर्क में रहते हैं। मैं मांसाहारी हूं, इसलिए प्रोटीन इंटेक का ध्यान रखना आसान हो जाता है। बाहर के देशों में नॉन-वेज आसानी से मिल जाता है।’’
पेप्सिको इंडिया के एक स्टडी लॉन्च कार्यक्रम में लवलीना बोरगोहेन ने कहा, ‘‘हम कोशिश करते हैं कि जिस जगह जाएं, वहीं के खाने को ही अपनाएं। खाना स्किप नहीं कर सकते, यही अनुशासन है। कैंप में तो मैं अपना खाना खुद कुक करती हूं। बैग में घर के लड्डू हमेशा रखती हूं। साथ में प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन के सप्लीमेंट लेती हूं, क्योंकि एथलीट को बहुत पसीना आता है और सिर्फ सामान्य खाने से जरूरत पूरी नहीं होती।’’
लवलीना बोरगोहेन ने चीट मील (मनपसंद खाना) पर कहा, ‘‘चीट मील तो रहता ही है। दिल्ली आकर छोले-भटूरे और गोलगप्पे खाने का बहुत मन हो रहा था। कभी-कभी ट्रीट जरूरी है। मन खुश रहता है तो हम कुछ भी कर जाते हैं।’’
लवलीना की मांग- स्कूल से शुरू हो, पोषण की पढ़ाई
लवलीना बोरगोहेन ने कहा, ‘‘शहरों में लोग न्यूट्रिशन शब्द जानते हैं, लेकिन गांव-गांव तक जानकारी नहीं पहुंची। अगर सरकार स्कूल के पाठ्यक्रम में पोषण की सही जानकारी जोड़ेगी तो सबसे बड़ा असर होगा। बच्चा स्कूल में सीखेगा तो घर जाकर माता-पिता को बताएगा कि मेरी थाली में प्रोटीन नहीं है। कई पैरेंट्स को खुद नहीं पता होता, लेकिन जब बच्चे बताएंगे तो बड़ा बदलाव आएगा।’’
लवलीना बोरगोहेन की उपलब्धियां और सम्मान
- ओलंपिक: कांस्य पदक- टोक्यो 2020
- एशियाई खेल: स्वर्ण पदक- आइची नागोया 2026, रजत पदक- हांगझू 2022
- विश्व चैंपियनशिप: स्वर्ण पदक- नई दिल्ली 2023, कांस्य पदक- 2018, 2019
- राष्ट्रमंडल खेल: रजत पदक- ग्लासगो 2026
- एशियाई चैंपियनशिप: स्वर्ण पदक- 2022, कांस्य पदक- 2017, 2021
- सम्मान: अर्जुन अवार्ड 2020, खेल रत्न 2021
एशियन गेम्स 2026: पांच भारतीयों ने लगाई पदकों की हैट्रिक, 3 खेलों में पुरुष और महिलाएं दोनों बने चैंपियन
एशियन गेम्स 2026 में भारत के पांच खिलाड़ियों ने तीन-तीन पदक जीतकर खास उपलब्धि हासिल की। कुमकुम मोहोद और नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण सहित तीन पदक जीते, जबकि विद्या रामराज, गुलवीर सिंह और रुद्रांक्ष पाटिल ने भी पदकों की हैट्रिक पूरी की। क्रिकेट, कबड्डी और हॉकी में महिला और पुरुष दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीता। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
