जापान के आइची-नागोया में एशियाई खेलों का समापन भारत के लिए उपलब्धियों के साथ कुछ सवाल भी छोड़ गया है। रिकॉर्ड करीब 800 करोड़ रुपये के निवेश और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, विदेशी एक्सपोजर और उच्चस्तरीय सुविधाएं देने के बावजूद भारत का पदक ग्राफ हांगझू एशियाई खेलों के ऐतिहासिक प्रदर्शन से नीचे चला गया।
भारत ने इस बार 21 स्वर्ण सहित कुल 85 पदक जीते और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा, जबकि 2023 में 28 स्वर्ण समेत 107 पदक उसके खाते में आए थे। हालांकि, रैंकिंग में भारत तब भी चौथे नंबर पर ही रहा था। यदि पिछले एशियाई खेलों के मुकाबले तुलना करें तो निवेश लगभग चार गुना बढ़ा, लेकिन कुल पदकों में करीब 20.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई।
इस बार वित्तीय सहायता और खेलों की तैयारियों पर खर्च को करीब चार गुना बढ़ाकर 800 करोड़ रुपये किया गया था। उम्मीद थी कि बेहतर प्रशिक्षण, विदेशी एक्सपोजर और आधुनिक सुविधाओं का असर पदकों की संख्या पर भी दिखाई देगा। भारत के प्रदर्शन में सबसे बड़ा अंतर निशानेबाजी और एथलेटिक्स जैसे प्रमुख खेलों में नजर आया।
निशानेबाजी: पिछले संस्करण की तुलना में 7 पदकों की गिरावट
निशानेबाजी में हांगझू एशियाई खेलों के 22 पदकों के मुकाबले इस बार 15 पदक मिले। स्वर्ण पदकों की संख्या भी सात से घटकर तीन रह गई। एथलेटिक्स में भी पिछले एशियाई खेलों के 29 पदकों के मुकाबले इस बार 24 पदक ही आए। हालांकि, कांस्य पदकों की संख्या नौ से बढ़कर 14 हुई, लेकिन स्वर्ण और रजत पदकों में आई कमी ने कुल प्रदर्शन को प्रभावित किया।
बैडमिंटन: भारत दोहरा नहीं पाया पिछला प्रदर्शन
बैडमिंटन में भी भारत पिछले प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाया। हांगझू एशियाई खेलों में एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीतने वाला भारत इस बार पुरुष टीम के एक पदक तक सीमित रहा। टेनिस में तो पिछली बार के दो पदकों के मुकाबले इस बार खाता भी नहीं खुला।
तीरंदाजी में कुल पदकों के मामले में पिछला प्रदर्शन दोहराया। साल 2023 में भारत ने तीरंदाजी में कुल नौ पदक जीते। इसमें पांच स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी एशियाई खेलों में यह आंकड़ा दोहराया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इन आंकड़ों से साफ है कि कुल पदकों में कमी किसी एक खेल की वजह से नहीं, बल्कि कई प्रमुख पदक संभावनाओं के कमजोर पड़ने का नतीजा है।
चीन, जापान, साउथ कोरिया ने मजबूत की अपनी स्थिति
दूसरी ओर, पदक तालिका में शीर्ष देशों ने अपनी स्थिति और मजबूत की। चीन 341 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि जापान और साउथ कोरिया क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। भारत चौथे स्थान पर अपनी स्थिति बनाए रखने में सफल रहा।
मेजबान जापान के प्रदर्शन में तो खासा उछाल देखने को मिला। हांगझू एशियाई खेलों में 188 पदक जीतने वाला जापान इस बार 269 पदक तक पहुंचा। उसके स्वर्ण पदकों की संख्या भी 52 से बढ़कर 83 हो गई। कुल मिलाकर जापान ने पिछले एशियाई खेलों की तुलना में 81 पदक अधिक जीते।
ईरान का भी उल्लेखनीय रहा प्रदर्शन
पदक तालिका में ईरान का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा। गंभीर क्षेत्रीय तनाव, आर्थिक प्रतिबंधों और खिलाड़ियों के सामने मौजूद सीमित परिस्थितियों के बावजूद ईरानी दल ने 19 स्वर्ण पदकों के साथ छठा स्थान हासिल किया। यह प्रदर्शन बताता है कि किसी देश की खेल ताकत केवल संसाधनों की उपलब्धता से तय नहीं होती, बल्कि उसकी तैयारी, प्रतिभा के विकास और खेल तंत्र की निरंतरता भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है।
नागोया एशियन गेम्स से मिला अहम सबक
भारत के लिए इस प्रदर्शन का सबसे अहम सबक यही है कि बड़ा बजट अपने आप बड़े नतीजों की गारंटी नहीं देता। भारतीय खेल व्यवस्था के लिए 800 करोड़ रुपये का निवेश निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका असर तभी पूरी तरह दिखाई देगा जब जमीनी स्तर पर प्रतिभा की पहचान, चयन प्रक्रिया, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और खिलाड़ियों को दी जाने वाली सहायता व्यवस्था और मजबूत हो।
आइची-नागोया में 310 से अधिक नए खिलाड़ियों को मौका मिलना भारतीय खेलों की मजबूत होती बेंच स्ट्रेंथ का संकेत है। अब चुनौती इन खिलाड़ियों को अगले स्तर तक पहुंचाने और मौजूदा पदक विजेताओं की जगह लेने वाली अगली पीढ़ी तैयार करने की है।
एशियन गेम्स 2026 के 9 खेलों में भारत के हाथ लगी निराशा; 139 खिलाड़ी, जीते सिर्फ 3 कांस्य, 6 में खाता भी नहीं खुला
एशियन गेम्स 2026 के कई खेलों में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया तो तकरीबन 9 खेल ऐसे थे जिसमें दल तो बड़ा भेजा गया, लेकिन पदक नहीं आ पाए। इसमें बैडमिंटन, टेबल टेनिस, टेनिस समेत कई खेल शामिल हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
