scorecardresearch

INDW vs ENGW: हरमनप्रीत कौर ने जड़ा अपना 5वां वनडे शतक, आखिरी 11 गेंद में ठोके 43 रन; भारत ने इंग्लैंड में रचा इतिहास

England Women vs India Women, 2nd ODI: इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में भारतीय महिला टीम ने आखिरी 3 ओवर में 62 रन बटोरे और एक भी विकेट नहीं गंवाया।

ENGW vs INDW | Harmanpreet Kaur | India | England | Harleen Deol |
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 100 गेंद में अपना शतक पूरा किया। (सोर्स- ट्विटर/@BCCIWomen)

England Women vs India Women, 2nd ODI: भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की सीरीज के दूसरे वनडे में इंग्लैंड को 334 रन का लक्ष्य दिया। उसने 50 ओवर में 5 विकेट पर 333 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ भारत का यह सर्वोच्च एकदिवसीय स्कोर है। यही नहीं, एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड के खिलाफ यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।

भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में कप्तान हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल और स्मृति मंधाना की अहम भूमिका रही। हरमनप्रीत कौर ने अपना 5वां वनडे शतक लगाया। वह 18 चौके और 4 छक्के की मदद से 111 गेंद में 143 रन बनाकर नाबाद रहीं। हरमनप्रीत कौर ने 100 गेंद में अपना शतक पूरा किया था।

हरमनप्रीत कौर ने 12 चौके और एक छक्के की मदद से अपना शतक पूरा किया था। इसके बाद उन्होंने आखिरी गेंद में 43 रन ठोक दिए। भारतीय महिला टीम ने आखिरी के 3 ओवर में 62 रन बटोरे और एक भी विकेट नहीं गंवाया। सीरीज का पहला वनडे भारत ने 7 विकेट से जीता था।

हरमनप्रीत कौर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली भारतीय महिलाओं में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गईं। उन्होंने स्मृति मंधाना की बराबरी की। मंधाना ने अपने अब तक के वनडे करियर में 5 शतक लगाए हैं। इस मामले में शीर्ष पर मिताली राज हैं।

मिताली राज ने 232 वनडे मुकाबलों में 50.68 के औसत से 7805 रन बनाए थे। इसमें उनके 7 शतक और 64 अर्धशतक शामिल हैं। हरमनप्रीत कौर ने अब तक 123 वनडे मैचों में 38.58 के औसत से 3318 रन बनाए हैं। इसमें उनके 17 अर्धशतक भी शामिल हैं।

एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3000+ रन बनाने वाली तीसरी भारतीय महिला बनीं स्मृति मंधाना

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में स्मृति मंधाना ने भी कीर्तिमान छुआ। वह वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों में 3000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली भारत की तीसरी महिला बैटर बनीं। उनके अब 76 मैच में 43.18 के औसत से 3023 रन हो गए हैं। इसमें उनके 24 अर्धशतक भी शामिल हैं।

पढें खेल (Khel News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 21-09-2022 at 21:42 IST
अपडेट