टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 29वें मुकाबले में सोमवार (16 फरवरी) को इंग्लैंड ने इटली को मात दी। इस जीत के साथ चार मैचों में से तीन जीत व 6 अंक लेकर इंग्लैंड की टीम सुपर 8 में पहुंच गई। वहीं ग्रुप सी से वेस्टइंडीज पहले ही क्वालिफाई कर चुकी थी। यानी अब इस ग्रुप की तस्वीर साफ हो गई है। इटली, नेपाल और स्कॉटलैंड टूर्नामेंट में आगे जाने की रेस से बाहर हैं।

अभी तक भारत समेत कुल 4 टीमें सुपर 8 के लिए जगह पक्की कर चुकी हैं। ग्रुप बी से अभी एक भी टीम ने सुपर 8 में जगह नहीं बनाई है। वहीं ग्रुप ए से भारत, ग्रुप सी से वेस्टइंडीज और इंग्लैंड और ग्रुप डी से साउथ अफ्रीका को सुपर 8 में एंट्री मिली है। मंगलवार को कनाडा के खिलाफ जीत दर्ज करते हुए न्यूजीलैंड भी अपना टिकट पक्का कर सकती है।

आखिरी 4 स्थान, 11 टीमों के बीच जंग

फिलहाल अभी सुपर 8 के लिए चार स्थान बाकी हैं। ग्रुप बी से दो टीमें तय होनी हैं। वहीं ग्रुप ए और ग्रुप डी से एक-एक टीम को सुपर 8 में जगह बनानी है। इसके लिए अभी वर्तमान में (खबर लिखे जाने तक) 11 टीमों के बीच जंग है। ग्रुप ए से नामीबिया बाहर हो चुकी है और नीदरलैंड्स, यूएसए और पाकिस्तान तीनों के पास मौका है। अगर नामीबिया ने पाकिस्तान को हराकर उलटफेर किया तो मामला रोचक हो जाएगा।

ग्रुप बी की बात करें तो श्रीलंका की टीम अगर ऑस्ट्रेलिया को हरा देती है तो उसकी सुपर 8 में एंट्री हो जाएगी। वरना ऑस्ट्रेलिया जीती तो मामला रोचक हो जाएगा। इस ग्रुप से ओमान बाहर है और अभी चारों टीमें ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और आयरलैंड के पास 4-4 अंक हासिल करने का मौका है। आखिरी में मामला इस ग्रुप में नेट रनरेट पर भी फंस सकता है।

ग्रुप डी में से साउथ अफ्रीका ने क्वालिफाई कर लिया है। न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, कनाडा और यूएई चारों अभी रेस में बनी हैं। लेकिन यह ज्यादा देर तक शायद नहीं रहेगा। क्योंकि अगर न्यूजीलैंड मंगलवार सुबह 11 बजे शुरू होने वाले मुकाबले में कनाडा को हरा देती है तो इस ग्रुप से भी बची हुई टीमें सुपर 8 की रेस से बाहर हो जाएंगी। यानी रोचक बनाने के लिए मामले को कनाडा को उलटफेर करना पड़ेगा।

इटली ने खूब लड़ी लड़ाई

इंग्लैंड को पहले मैच में जहां नेपाल ने लगभग हरा ही दिया था लेकिन आखिरी मोमेंट पर अंग्रेजों ने बाजी मारी थी। अब इटली ने भी इंग्लैंड को कांटे की टक्कर दी। इंग्लिश टीम ने विल जैक्स के नाबाद 22 गेंद पर 53 रन की बदौलत 20 ओवर में 202 रन 7 विकेट पर बनाए। जवाब में इटली ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और 20 ओवर पूरे खेलते हुए 178 रन बनाए। इटली ने इस टूर्नामेंट में नेपाल को हराकर अपनी पहली जीत वर्ल्ड कप की दर्ज की थी। वहीं उसका आखिरी मैच वेस्टइंडीज से होगा।

यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप: दोबारा हो सकता है IND vs PAK मैच, पाकिस्तान को सुपर 8 में करनी होगी एंट्री; समझें पूरा गणित
यह भी पढ़ें: भारत का अगला मैच कब? यहां देखें भारत बनाम नीदरलैंड्स की तारीख, समय, जगह और अन्य जानकारी