बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को रविवार (21 जून) को काउंटी चैंपियनशिप के मैचों से बाहर करा दिया गया। ऐसा इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के निर्देश पर किया गया। इससे संकेत मिलते हैं कि न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड के लिए खेलने के लिए दोनों उपलब्ध रहेंगे। खासकर तब जब न्यूजीलैंड ने ओवल टेस्ट 253 रनों से नाम करके 3 मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को नाइट कर्फ्यू तोड़ने और लंदन के एक नाइट क्लब में हुई लड़ाई की जांच के लिए दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन दोनों को घरेलू क्रिकेट खेलने की इजाजत दी गई थी। इसमें स्टोक्स शुक्रवार से शुरू हुए मैचों के पहले दो दिन डरहम के लिए और एटकिंसन सरे के लिए खेले।
नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ 95 रन
35 साल के स्टोक्स ने शनिवार को नॉर्थम्पटनशायर के खिलाफ 95 रन बनाए, जो पिछले जुलाई में भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट में शतक के बाद किसी भी क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर था। एटकिंसन ने ग्लेमोर्गन में सरे के लिए पहली पारी में चार विकेट लिए। दोनों खिलाड़ियों को तीसरे दिन से पहले प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया। तीसरा टेस्ट गुरुवार (25 जून) से ट्रेंटब्रिज में होगा।
इंग्लैंड को स्टोक्स की कमी खली
यह जानकारी पहले ही सामने आ गई थी कि स्टोक्स को ट्रेंटब्रिज में कप्तानी करते देखा जाएगा। 28 साल के एटकिंसन भी टीम में होंगे। लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के बाद इंग्लैंड के आधी रात के कर्फ्यू को तोड़ने के मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। स्टोक्स और एटकिंसन के अलावा ओली रॉबिन्सन चोटिल होने और जेमी स्मिथ पिता बनने के कारण नहीं खेले। इसके कारण इंग्लैंड को पहला टेस्ट जीतने वाली टीम में पांच बदलाव करने पड़े। पेस बॉलर जोश टंग ने शनिवार क माना था कि इंग्लैंड को स्टोक्स की कमी खली।
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट के बाद WTC अंक तालिका
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 च्रक में इंग्लैंड को ओवल टेस्ट में हराकर न्यूजीलैंड ने तीसरी जीत दर्ज की। इससे रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ। उसका पीसीटी 66.67 हो गया। श्रीलंका का भी पीसीटी 66.67 है। पूरी खबर पढ़ें।
