इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए 12 सदस्यीय टीम का ऐलान मंगलवार (2 जून) को कर दिया। एशेज में खराब प्रदर्शन के कारण ओली पोप और जैक क्रॉली की छुट्टी हो गई है। एमिलियो गे और सोनी बेकर नए चेहरे हैं। तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की दो साल से ज्यादा समय बाद टीम में वापसी हुई है। फरवरी 2024 में वह आखिरी बार इंग्लैंड के लिए खेले थे। यह मैच गुरुवार (4 जून) से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में इंग्लैंड की हालत खराब है। वह 7वें नंबर पर है।

एमिलियो गे और सोनी बेकर को डेब्यू का मौका मिल सकता है। 23 साल के बेकर तेज गेंदबाज हैं। 12 फर्स्ट क्लास मैचों में उन्होंने 41 विकेट लिए हैं। 26 साल के एमिलियो गे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 73 मैच में 4702 रन बनाए हैं। 15 खिलाड़ियों के स्क्वाड में चुने गए रेहान अहमद, जेम्स रेव और मैथ्यू फिशर को मौका नहीं मिला है।

क्रॉली और पोप बाहर

क्रॉली और पोप को बाहर करने के बाद इंग्लैंड टॉप ऑर्डर में बड़े बदलाव के लिए तैयार है। एशेज में क्रॉली ने 27 के औसत से 273 रन बनाए, जबकि पोप ने तीन टेस्ट मैचों में सिर्फ 125 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए बाहर कर दिया गया। दोनों खिलाड़ियों को 15 में मौका नहीं मिला था। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट मार्क्स नॉर्थ के चयनकर्ता बनने के बाद यह इंग्लैंड की पहली टेस्ट सीरीज है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड

बेन स्टोक्स (कप्तान), गस एटकिंसन, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टंग।

WTC का हिस्सा नहीं होगा भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच

भारत-अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं होगा। यानी इसका डब्ल्यूटीसी रैंकिंग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। पूरी खबर पढ़ें