इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच के लिए रविवार (21 जून) को टीम का ऐलान कर दिया। कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की 15 सदस्यीय टीम में वापसी हुई है, लेकिन दोनों को लिखित चेतावनी दी गई है। लॉर्ड्स में पहला टेस्ट जीतने के बाद दोनों ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के नाइट कर्फ्यू को तोड़ा था। इसके बाद एक क्लब में लड़ाई हो गई थी। इस घटना के चलते दोनों को ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम से बाहर कर दिया गया, जिसे न्यूजीलैंड ने 253 रनों से जीता।
स्टोक्स और एटकिंसन की 15 में वापसी के बाद इंग्लैंड ने सोनी बेकर, जेम्स रेव और हेनरी क्रोकोम्बे को रिलीज कर दिया है। बेकर और रेव ने ओवल में अपना डेब्यू किया। दोनों ही प्रभावित करने में असफल रहे। बेकर ने 161 रन देकर 3 विकेट लिए। रेव ने 24 और 15 रन बनाए। इंग्लैंड के तीसरे डेब्यू करने वाले जॉर्डन कॉक्स को स्टोक्स के कवर के तौर पर बुलाया गया था, लेकिन उनकी जगह बरकरार है।
नॉटिंघम में भी इंग्लैंड 5 बदलाव कर सकता है
न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम लॉर्ड्स वाली ही है, बस कॉक्स ने रेव की जगह ली है। जेमी स्मिथ अपने दूसरे बच्चे के जन्म के बाद पितृत्व अवकाश से लौटे हैं और ओली रॉबिन्सन ‘घुटने में दर्द’ की वजह से दूसरे टेस्ट से बाहर रहने के बाद फिट हो गए हैं। ओवल के लिए पांच बदलाव करने के बाद नॉटिंघम में भी इंग्लैंड 5 बदलाव कर सकता है, जिसमें स्टोक्स ऑलराउंडर के तौर पर प्लेइंग 11 को बैलेंस करेंगे और शोएब बशीर फ्रंटलाइन स्पिन ऑप्शन होंगे।
तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम
बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग।
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट के बाद WTC अंक तालिका
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 च्रक में इंग्लैंड को ओवल टेस्ट में हराकर न्यूजीलैंड ने तीसरी जीत दर्ज की। इससे रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ। उसका पीसीटी 66.67 हो गया। श्रीलंका का भी पीसीटी 66.67 है। पूरी खबर पढ़ें।
