England vs Ireland (ENG vs IRE) 3rd ODI:इंग्लैंड की वनडे क्रिकेट टीम के कप्तान इयोन मॉर्गन ने 4 अगस्त 2020 को साउथैम्प्टन के रोज बाउल मैदान पर 78 गेंद पर शतक लगाया। मॉर्गन ने आयरलैंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 15 चौके और 4 छक्के की मदद से 84 गेंद पर 106 रन बनाए। उन्होंने इसके साथ ही हमवतन मार्कस ट्रेस्कोथिक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मॉर्गन का यह 14वां अंतरराष्ट्रीय वनडे शतक है। हालांकि, इंग्लैंड के लिए यह उनका 13वां शतक है। एक शतक उन्होंने आयरलैंड की ओर से खेलते हुए 2007 में लगाया था। इयोन मॉर्गन अब इंग्लैंड के लिए वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड मार्कस ट्रेस्कोथिक के नाम था। मार्कस ट्रेस्कोथिक ने 123 वनडे इंटरनेशनल में 12 शतक लगाए थे।
इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में पहले नंबर पर जो रूट हैं। रूट इंग्लैंड के लिए अब तक 16 शतक लगा चुके हैं। यही नहीं, उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का भी एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। मॉर्गन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। मॉर्गन ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अब तक कुल 163 मैचों में अपने देश की टीम का नेतृत्व किया है। इस दौरान उन्होंने 212 छक्के लगाए हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने 332 मैचों में टीम इंडिया की अगुआई (तीनों फॉर्मेट में) की। इस दौरान उन्होंने 211 छक्के लगाए थे। मॉर्गन इसके अलावा आयरलैंड के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। वह महज 5 गेंद से हमवतन रवि बोपारा का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। रवि बोपारा ने 2013 में आयरलैंड के खिलाफ 74 गेंद में शतक ठोक दिया था।
आयरलैंड के खिलाफ सबसे कम गेंदों में शतक लगाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शरजील खान के नाम है। शरजील ने 2016 में डबलिन में महज 61 गेंदों पर शतक लगाया था शरजील ने उस मैच में 86 गेंद पर 152 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 16 चौके और 9 छक्के लगाए थे। शरजील की पारी के दम पर पाकिस्तान ने उस मैच में 47 ओवर में 6 विकेट पर 337 रन बनाए थे। आयरलैंड की टीम महज 82 रन पर ढेर हो गई थी। पाकिस्तान की ओर से इमाद वसीम ने सिर्फ 14 रन देकर 5 विकेट लिए थे।