भारतीय टीम में लंबे समय से मौका नहीं पाने वाले शाहबाज अहमद ने दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अपनी टीम ईस्ट जोन के लिए गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाज में शाहबाज ने 167 रन की बेहतरीन पारी खेली, फिर गेंद से तीन विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत ईस्ट जोन के 467 रन के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम 111 रन पर ही सिमट गई। दूसरी पारी में नॉर्थ ईस्ट को फॉलोऑन खेलना पड़ रहा है और टीम 349 रन से अब भी पिछड़ रही है।
इशान किशन की कप्तानी और वैभव सूर्यवंशी की उपकप्तानी वाली ईस्ट जोन के लिए शाहबाज के अलावा सुदीप घरामी ने भी 146 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। वहीं कुमार कुशाग्र ने 55 रन बनाए थे। वैभव और इशान दोनों का बल्ला नहीं चल पाया था। वैभव 8 और इशान 4 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। फिर ईस्ट जोन ने गेंदबाजी में जलवा दिखाया और त्रिपुरा के मीडियम पेसर अभिजीत सरकार ने 9.5 ओवर में 20 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि शाहबाज ने 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए। फॉलोऑन के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए थे।
नॉर्थ ईस्ट को अब भी पारी की हार से बचने के लिए 349 रन और बनाने हैं। मौसम ने अगर खलल नहीं डाला तो ईस्ट जोन की टीम तीसरे दिन के भीतर ही मुकाबला खत्म कर सकती है। नॉर्थ ईस्ट की शुरुआत हालांकि अच्छी रही थी, टीम ने दो विकेट पर 72 रन बना लिए थे। इसके बाद अचानक विकेटों का पतन शुरू हो गया और उसने महज 39 रन के भीतर अपने अंतिम आठ विकेट गंवा दिए। टीम के लिए सलामी बल्लेबाज अर्पित भटेवार (32) और रोंगसेन जोनाथन (21) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। छह बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाये, जिनमें तीन अपना खाता तक नहीं खोल सके।
नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन पर बनाई बढ़त
नॉर्थ जोन के बल्लेबाज यश ढुल एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे जबकि बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक और अनुभवी अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी से टीम ने क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन वेस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी में 64 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। नॉर्थ की पहली पारी के 251 रन के जवाब में वेस्ट जोन ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 31 रन से की थी लेकिन उसके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके और पूरी टीम 181 रन पर सिमट गई। किफायती गेंदबाजी करने वाले मुश्ताक ने 25.5 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट लिए जबकि अर्शदीप ने 53 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
शम्स मुलानी ने 94 गेंद में सर्वाधिक 52 रन बनाए। उनके अलावा मुशीर खान (31) ही 30 रन के आंकड़े को पार कर पाए। हालांकि नॉर्थ जोन अपनी बढ़त को मजबूत करने में पूरी तरह सफल नहीं रहा और दिन का खेल खत्म होने तक उसने चार विकेट पर 107 रन बनाए। मुंबई के स्पिन गेंदबाजों शम्स मुलानी और तनुश कोटियान ने दो-दो विकेट लिए। नॉर्थ जोन की कुल बढ़त अब 171 रन की हो गई है और उसकी कोशिश इसे 250 रन तक पहुंचाने की होगी जो बचाव करने के लिए पर्याप्त स्कोर साबित हो सकता है।
भुवनेश्वर कुमार की टीम को मिली तीसरी जीत, काशी को 14 रन से हराया; अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनाई जगह
यूपी टी20 लीग 2026 के 17वें मैच में काशी रुद्रास को लखनऊ फाल्कन्स ने मात दी। भुवनेश्वर कुमार की कप्तानी वाली लखनऊ की यह तीसरी जीत है। जबकि इस जीत से टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
