भारतीय क्रिकेटर नितीश राणा मां को याद कर बेहद भावुक हो गए। मां के साथ बिताए पलों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही उन्हें त्याग और प्यार का असली मतलब समझाया। नितीश राणा ने यह भावुक पोस्ट इंस्टाग्राम पर साझा की। उन्होंने मां के साथ वाली कुछ तस्वीरें भी शेयर की हैं। पोस्ट में नितीश राणा ने बताया कि उनकी मां ने उन्हें त्याग करना और प्यार का असली मतलब समझाया। उन्होंने कहा कि मां ने अपनी जरूरतों के बारे में कभी नहीं बताया, बल्कि हमेशा उनकी ही चिंता की।
नितीश राणा ने लिखा कि वह अपनी मां से अपने सपनों को लेकर बातें किया करते थे। वह कहते थे कि उन्हें जिंदगी में यह करना है और वह करना है, जबकि उनकी मां उनसे सिर्फ यही पूछती थीं कि खाना खाया या नहीं, तबीयत कैसी है और वह ठीक हैं या नहीं। नितीश राणा के मन में हमेशा यह बात रही कि वह अपने सपने पूरे करके वह सब कुछ अपनी मां के कदमों में रखना चाहते हैं, जो उन्होंने कभी मांगा ही नहीं।
नितीश राणा ने पोस्ट में लिखा, ‘‘मां, आपने ही मुझे त्याग करना सिखाया। आपने ही मुझे प्यार का असली मतलब समझाया। किसी ने कभी आपकी मेहनत नहीं देखी, किसी ने आपको हिम्मत नहीं दी। पता नहीं आप अपने अंदर इतनी हिम्मत कहां से ढूंढ़कर लाती थीं।’’
नितीश राणा ने लिखा, ‘‘आपका बेटा अब बड़ा हो गया है और अभी जिंदगी में बहुत कुछ हासिल करना बाकी है, जिनके बारे में हम दोनों बात किया करते थे। सच कहूं तो बातें तो मैं ही किया करता था। आपसे कहता रहता था कि मुझे यह करना है, मुझे वह करना है और आप बस यही पूछती थीं कि खाना खाया? तबीयत कैसी है तेरी? तू ठीक है या नहीं? और मैं अपने सपने पूरे करने चल पड़ता था, बस यही सोचकर कि जो आपने मुझे कभी नहीं बताया कि आपको क्या चाहिए, वह सब मैं आपके कदमों में रख पाऊं।’’
नितीश राणा ने लिखा, ‘‘सब कुछ होते हुए भी आप मेरे पास नहीं हैं। इससे मुश्किल वक्त मेरी जिंदगी में और क्या आएगा? लेकिन मैं आपसे वादा करता हूं मां, मैं कभी रुकूंगा नहीं और जो कुछ भी करना पड़ेगा, मैं करूंगा, ताकि वह सब हासिल कर पाऊं जो हमेशा आपके लिए हासिल करना चाहता था। मुझे पता है कि आपका आशीर्वाद हमेशा की तरह मेरे साथ है। मुझे गर्व है कि मैं आपका बेटा हूं और उम्मीद करता हूं कि मैं जो बना हूं, उसके लिए आपको मुझ पर गर्व होगा।’’
नितीश राणा डीपीएल 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस का हिस्सा
नितीश राणा इस समय दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस का हिस्सा हैं। टूर्नामेंट में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 18वें स्थान पर हैं। नितीश राणा ने डीपीएल 2026 में अब तक सात मैचों में 31.43 के औसत और 176 के स्ट्राइक रेट से 220 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर 60 रन रहा है।
DPL Points Table: सेंट्रल दिल्ली किंग्स-वेस्ट दिल्ली लायंस मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज-गेंदबाज
DPL 2026 Points Table, Top-5 Batters and Bowlers:दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 (DPL 2026)के 37वें मैच के बाद सेंट्रल दिल्ली किंग्स के अलावा पुरानी दिल्ली 6, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने प्लेऑफ में जगह बना ली। टॉप-5 बल्लेबाजों की बात करे तो सार्थक रंजन ने 8 पारियों में 473 बनाए हैं। टॉप-5 गेंदबाजों की बात करें तो अंशुमान हुड्डा ने 7 मैच में 19 विकेट झटके हैं। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
