युवा भारतीय पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में बुधवार को क्रमश: महिलाओं की 53 किग्रा और 60 किग्रा फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीते। विनेश आमतौर पर 48 किग्रा में भाग लेती है लेकिन अधिक भार वर्ग (53 किग्रा) में भाग लेने के बावजूद उन्होंने फाइनल में ममता रानी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। शीतल और सीमा ने कांस्य पदक हासिल किए। विनेश ने हाल ही में खत्म हुए पेशेवर कुश्ती लीग में अपनी चपलता और फुर्ती से लोगों को कायल किया था। साक्षी मलिक ने भी इस लीग में अपनी छाप छोड़ी थी।
साक्षी ने महिलाओं के 60 किग्रा में दबदबा बनाकर सोने का तमगा जीता। मनीषा को रजत जबकि बबिता और अनिता को कांस्य पदक मिला। नवजोत कौर ने महिलाओं के 69 किग्रा में गीतिका को हराकर स्वर्ण पदक जीता। रजनी और पिंकी ने कांस्य पदक हासिल किये। ग्रीको रोमन वर्ग में मनजीत ने पुरुषों के 71 किग्रा, गौरव शर्मा ने 59 किग्रा और नवीन ने 130 किग्रा में स्वर्ण पदक जीते।