दिल्ली विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर पीपीपी मॉडल पर रियल एस्टेट डेवलपर ओमैक्स लिमिटेड द्वारका स्थित ‘द ओमैक्स स्टेट’ में एक क्रिकेट स्टेडियम बनाएगा। इस स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम पर भी एक स्टैंड होगा। हरमनप्रीत कौर स्टैंड को ‘पिंक स्टैंड’ के नाम जाना जाएगा।
यह स्टैंड स्टेडियम के नॉर्थ पवेलियन लोअर बाउल में होगा। इसमें 1500 से ज्यादा सीटें होंगी। यह घोषणा बुधवार 25 मार्च 2026 को प्रोजेक्ट साइट पर हरमनप्रीत कौर की मौजूदगी में ओमैक्स लिमिटेड के एमडी मोहित गोयल और बिजनेस हेड अवनीत सोनी ने की।
महिलाओं को समर्पित होगा ‘हरमनप्रीत कौर स्टैंड’
खास यह है कि ‘पिंक स्टैंड’ विशेष रूप से महिलाओं और परिवारों के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि स्टेडियम में उनकी भागीदारी बढ़े। हरमनप्रीत कौर के सुझावों के आधार पर इस अवधारणा को विकसित किया गया।
मोहित गोयल ने बताया कि स्टेडियम 2027 के मध्य तक तैयार हो जाएगा। इसका मतलब है कि दिल्ली को 144 साल बाद दूसरा क्रिकेट स्टेडियम मिलेगा। बता दें अभी दिल्ली के पास सिर्फ एक क्रिकेट स्टेडियम (अरुण जेटली स्टेडियम) है।
1883 में दिल्ली को मिला था पहला स्टेडियम
अरुण जेटली स्टेडियम (पूर्व में फिरोज शाह कोटला स्टेडियम) 1883 में बनकर तैयार हुआ था। अरुण जेटली स्टेडियम की दर्शक क्षमता 39 हजार के आसपास है। वहीं ‘द ओमैक्स स्टेट’ में तैयार होने वाले क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता 30 हजार से ज्यादा होगी।
ओमैक्स ने 2025 में भारतीय महिला टीम के वनडे वर्ल्ड कप जीतने से पहले हरमनप्रीत कौर को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया था। इस स्टैंड के साथ हरमनप्रीत कौर भारत की पहली ऐसी महिला क्रिकेटर बन जाएंगी जिनके नाम पर दो-दो स्टेडियम में स्टैंड होंगे।
स्टेडियम में होने वाली प्रमुख सुविधाएं
- हरमनप्रीत कौर के सुझावों के आधार पर स्टेडियम में महिला और पैरा-एथलीटों के लिए समर्पित ड्रेसिंग रूम और विशेष सुविधाएं शामिल की गई हैं।
- ‘5-इन-1’ मॉडल पर आधारित यह देश का पहला एकीकृत स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल डेस्टिनेशन होगा, जिसमें खेल, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, फूड और सोशल स्पेस को एक साथ जोड़ा जाएगा।
- DDA के साथ 2500 करोड़ रुपये की साझेदारी में बनने वाले इस स्टेडियम को ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के नजरिये से तैयार किया जा रहा है।
- बारिश के बाद मैदान को तुरंत फिर से खेलने लायक तैयार करने के लिए ‘क्विक-ड्राई’ तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
- स्टेडियम में 55 हजार वर्ग मीटर का स्टेडियम ब्लॉक और 30 हजार वर्ग मीटर का इंडोर-आउटडोर स्पोर्ट्स सेंटर (बास्केटबॉल, ई-स्पोर्ट्स आदि के लिए) होगा।
- तीन हजार क्षमता वाला प्रीमियम स्पोर्ट्स क्लब, इनफिनिटी पूल होगा। इनफिनिटी पूल का मतलब- दर्शक स्विमिंग पूल में रहते हुए लाइव क्रिकेट मैच का आनंद ले पाएंगे।
- इसके अलावा स्टेडियम में कैफे, को-वर्किंग स्पेस और खिलाड़ियों के लिए डॉर्मिटरी जैसी सुविधाएं भी होंगी।
- वीआईपी और खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए होटल से स्टेडियम तक एक अंडरग्राउंड टनल का निर्माण किया जाएगा।
- भीड़ प्रबंधन के लिए एआई (AI) स्मार्ट गेट्स, 11 एंट्री/एग्जिट पॉइंट और विभिन्न वाहनों के लिए अलग-अलग ड्रॉप-ऑफ व्यवस्था होगी।
