दिल्ली में क्रिकेट का पता बदलने वाला है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच दिल्ली गेट स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में होते हैं। दिल्ली एवं डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट संघ (DDCA) ने राजधानी में नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह जानकारी डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने गुरुवार (12 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-नामीबिया मैच के दौरान इंटरव्यू में दी।
रोहन जेटली ने कहा कि फिलहाल स्टेडियम बनाने की योजना शुरुआती दौर में है, लेकिन जल्द जगह चिह्नित करके स्टेडियम बनाने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को केवल आज की मांग नहीं बल्कि अगले 20 साल को ध्यान में रखकर बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम ऐसी जगह बनेगा जहां मेट्रो से आने जाने की सुविधा हो।
अगले 20 साल को ध्यान में रखकर बनेगा स्टेडियम
रोहन जेटली ने दिल्ली में नया स्टेडियम बनाने का कारण बताते हुए कहा, ‘विचार यह है कि जैसे-जैसे खेल का विकास हो रहा है और दर्शकों की संख्या बढ़ रही है तो बुनियादी सुविधाओं के बेहतर बनाने की आवश्यकता है। आप यह भी चाहेंगे कि दर्शक क्षमता और उनके अनुभव के लिए बेहतर तंत्र हो। हम ऐसा तंत्र बनाना चाहते हैं जिससे आज की मांग की आवश्यकता पूरी हो और अगले 20 वर्षों तक यह उपयोगी रहे।’
कई राज्यो में एक ज्यादा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम
रोहन जेटली ने कहा, ‘कोटला में ज्यादा मैच हो रहे हैं। नया स्टेडियम बनने का यह मतलब नहीं है कि सबकुछ वहीं स्थानांतरित हो जाएगा। दोनों मैदानों को प्रबंधित किया जाएगा। काफी ऐसे राज्य हैं जहां कई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हैं। दिल्ली में भी ऐसा ही होगा।’
कबतक बन जाएगा स्टेडियम
नया स्टेडियम कबतक बनकर तैयार हो जाएगा? इसकी जानकारी देते रोहन जेटली ने कहा, ‘देखिए प्रक्रिया अभी चल रही है। इसको चलाने,समझने और खत्म करने में समय लगेगा। अभी हम बहुत शुरुआती चरण में हैं।
अगर हम इस प्रक्रिया को इसी साल में पूरा कर एक दिशा में आगे बढ़ सकें तो ये बहुत अच्छी बात होगी।
कहां बनेगा स्टेडियम
स्टेडियम कहां बनेगा? इस सवाल का जवाब देते हुए रोहन जेटली ने कहा,’अभी जगह चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। अलग-अलग विभाग, अलग-अलग तंत्र दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार, डीडीए के बीच बहुत सारी चर्चाएं चल रही हैं। अभी एक जगह खोजने की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही उस दिशा में कुछ आगे होगा हम आपको जानकारी देंगे।’
दिल्ली मेट्रो को ध्यान में रखकर बनेगा स्टेडियम
रोहन जेटली ने कहा कि यातायात खासकर मेट्रो को ध्यान में रखकर स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘स्टेडियम की लोकेशन के लिए सबसे अहम चीज पहुंच, मेट्रो, संचार, सड़क परिवहन, बुनियादी ढांचे की पहुंच है। यदि आप जमीन लेते हैं और वहां कोई सड़क नहीं है तो क्या होगा? आपको कई सड़कों तक पहुंच की आवश्यकता होती है। इससे आपके पास दर्शकों को निकालने की सुविधा, आग जैसी अनहोनी होने पर लोगों को आसानी से निकालने की सुविधा होती है । जगह मायने नहीं रखता। आना-जाना महत्वपूर्ण है। देखिये भारत में और विदेशों में भी शहर के बाहर स्टेडियम हैं, लेकिन वहां पहुंचना आसान है। यह चीज सबसे महत्वपूर्ण है।’
यह भी पढ़ें: भारत-नामीबिया मैच के बाद अंकतालिका, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को नीचे धकेला
