डेविड वॉर्नर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने (मिड-रेंज ड्रिंक ड्राइविंग) के लिए जुर्माना लगाया गया है। उन्हें अपनी कार में एक इंटरलॉक डिवाइस लगवाना होगा, जो गाड़ी चलाने से पहले शराब का पता लगा लेगा। वॉर्नर को मंगलवार को दोषी ठहराया गया और उन पर 1500 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (1 लाख रुपये से ज्यादा) का जुर्माना लगाया गया। यह घटना ईस्टर संडे (अप्रैल 2026) की है, जब ब्रेथ-टेस्टिंग वाली जगह के पास पहुंचने पर उन्होंने एक यात्री के साथ अपनी सीट बदलने की कोशिश की थी।
क्रिकइंफो के अनुसार डेविड वॉर्नर के वकील ने दलील दी कि उन्हें इस अपराध के लिए दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए, जिसमें उन्होंने कानूनी सीमा से दोगुने से ज्यादा शराब पीकर गाड़ी चलाई थी, क्योंकि मीडिया कवरेज की वजह से उन्हें पहले ही अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ी है। उन्होंने पिछले महीने अपना जुर्म कबूल कर लिया था, लेकिन जज क्लेयर फार्नन ने माना कि ओपनर की वैश्विक पहचान के कारण उनकी सार्वजनिक छवि को संभवत: नुकसान पहुंचा।
वॉर्नर हुए थे गिरफ्तार
पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने के बाद ईस्टर की छुट्टियों में घर लौटते समय वॉर्नर को गिरफ्तार किया गया। उनके वकील अवैस अहमद ने बताया कि उन्होंने एक कार्यक्रम से परिवार को गाड़ी चलाकर घर ले जाने का अचानक फैसला किया, जबकि उस कार्यक्रम में उन्होंने वाइन के तीन ग्लास पी रखे थे।
महिला यात्री के साथ अपनी सीट बदलने की कोशिश
डेविड वॉर्नर ने कोर्ट में अपनी लगती स्वीकार की कि जब उन्होंने ब्रेथ-टेस्टिंग वाली जगह देखी, तो थोड़ी दूर पहले ही अपनी गाड़ी रोक दी और महिला साथी के साथ सीट बदलने की कोशिश की। जज फॉर्नन ने बताया कि जब पुलिस ने उन्हें ड्राइवर के तौर पर पहचाना तो उन्होंने ब्रेथ टेस्टिंग में सहयोग किया।
कार में वॉर्नर के बच्चे भी मौजूद थे
जज ने कहा कि अपराध इसलिए और गंभीर हो गया क्योंकि उस समय कार में उनके बच्चे भी मौजूद थे। अहमद ने वेवरली लोकल कोर्ट को बताया कि उनके मुवक्किल की इस हरकत की खबर ईएसपीएन, अल जजीरा और इंडियन एक्सप्रेस जैसे ग्लोबल मीडिया आउटलेट्स में भी छपी थी। इससे वॉर्नर के करियर पर असर पड़ सकता है, जो संन्यास के बाद अलग-अलग लीगों में खेलना चाहते हैं।
व्यावसायिक अवसरों पर असर पड़ रहा
अहमद ने कहा, ‘भारत और बांग्लादेश जैसे देशों में वॉर्नर टी20 फ्रेंचाइजी लीग में खेलना चाहते हैं। वहां शराब पीने को पसंद नहीं किया जाता है। उनके इस गलत काम के गंभीर नतीजे हुए हैं। इससे व्यावसायिक अवसरों पर असर पड़ रहा है।’ अहमद ने वॉर्नर की गिरफ्तारी के बारे में न्यू साउथ वेल्स पुलिस के प्रेस रिलीज जारी करने के फैसले पर सवाल उठाया, क्योंकि अपराध कोई बहुत गंभीर नहीं था।
बीग बैश लीग में कप्तानी खतरे में थी
जब सजा का जिक्र हुआ तो वॉर्नर शुरुआत में वेवरली लोकल कोर्ट में मौजूद नहीं थे। वे मौखिक दलीलों के समय कुछ घंटे बाद पहुंचे। कोर्ट को यह भी बताया गया कि बीग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के कप्तान के तौर पर उनकी जगह भी खतरे में थी। थंडर और उनकी प्रतिद्वंद्वी टीम सिडनी सिक्सर्स शराब पीकर गाड़ी चलाने से रोकने के लिए राज्य सरकार के एक अभियान का हिस्सा हैं।
डेविड वॉर्नर गिरफ्तार
ब्रेथ टेस्ट में तय सीमा से अधिक अल्कोहल पाए जाने के बाद डेविड वॉर्नर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि ब्रेथ टेस्ट का नतीजा पॉजिटिव आया। गाड़ी के ड्राइवर की पहचान डेविड वॉर्नर के रूप में हुई। इसके बाद डेविड वॉर्नर को गिरफ्तार कर मारूब्रा पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पूरी खबर पढ़ें।
