Dakar Rally: स्टार भारतीय राइडर सऊदी अरब में दुर्घटनाग्रस्त, लड़ रहे जिंदगी की जंग; 2013 में भी आग में ‘झुलसने’ के बाद दी थी मौत को मात
संतोष को 2013 में अबुधाबी डेजर्ट चैलेंज में भी दुर्घटना का सामना करना पड़ा था जब उनकी सुजूकी एमएक्स450एक्स में लाग लगने से उनके गले के आसपास का हिस्सा जल गया था।

भारत के फेमस मोटरसाइकल रेसर सीएस संतोष को सऊदी अरब में चल रही डकार रैली के दौरान दुर्घटना का सामना करना पड़ा। उन्हें दवा देकर कोमा की स्थिति में रखा गया है। संतोष को एयर एंबुलेंस में रियाद के अस्पताल में ले जाया गया है। दुनिया की सबसे बड़ी रैलियों में से एक में हीरो मोटोस्पार्ट्स टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले 37 साल के संतोष की बाइक बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हुई और उन्हें 24 घंटे निरीक्षण में रखा गया है।
सातवीं बार डकार रैली में हिस्सा ले रहे संतोष को चौथे चरण के लगभग 135 किमी के दौरान दुर्घटना का सामना करना पड़ा। संतोष को 2013 में अबुधाबी डेजर्ट चैलेंज में भी दुर्घटना का सामना करना पड़ा था जब उनकी सुजूकी एमएक्स450एक्स में लाग लगने से उनके गले के आसपास का हिस्सा जल गया था। संतोष के सिर में चोट लगने की आशंका है। खबरों के अनुसार जब डॉक्टरों की टीम दुर्घटनास्थल पर पहुंची तो वह होश में थे जिसके बाद उन्हें रियाद ले जाया गया।
हीरो मोटोस्पोर्ट्स ने ट्वीट में कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना में संतोष को डकार रैली 2021 के चौथे चरण में आज दुर्घटना का सामना करना पड़ा। उन्हें रियाद के अस्पताल में ले जाया गया है। शुरुआती आकलन में उनकी स्थिति स्थिर लग रही है। हमारे साथ मिलकर उनके जल्द उबरने की कामना कीजिए।’’
यह दुर्घटना उसी चरण में हुई जिसमें पिछले साल टीम के राइडर पाउलो गोंजालवेज की डकार 2020 में हिस्सा लेते हुए दुर्घटना में मौत हो गई थी। गोंजालवेज की मौत के बाद टीम रैली से हट गई थी। 2 से 16 जनवरी तक होने वाली इस रैली में 12 स्टेज होते हैं। खिलाड़ी इस दौरान 7646 किलोमीटर का सफर तय करते हैं। चौथा स्टेज सबसे बड़ा है। इसकी लंबाई 813 किलोमीटर है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।