नवीन एक्सप्रेस कही जाने वाली दबंग दिल्ली के स्टार रेडर नवीन कुमार इस सीजन के 9 मुकाबलों में अभी तक 135 रेड पाइंट्स (कुल 138 पॉइंट्स) अपने नाम कर चुके हैं। इसमें उनके सात सुपर 10 भी शामिल हैं। 21 वर्षीय नवीन को प्रो कबड्डी लीग (PKL) सीजन 6 में दिल्ली ने साइन किया था। यह बात है 2018 की जब नवीन 18 वर्ष के ही थे।
नवीन कुमार ने 2018, 2019 और अब 2021-22 में अपने शानदार परफॉर्मेंस से सभी को खासा प्रभावित किया है। नवीन ने अपने पहले पीकेएल सीजन में 8 सुपर 10 के साथ 177 रेड पॉइंट्स बटोरे थे। उनके इस परफॉर्मेंस को देख हर कोई प्रभावित हुआ था। इसके बाद 7वें सीजन में उन्होंने सभी को तब हैरान किया जब 23 मैचों में 22 सुपर 10 की बदौलत 301 पॉइंट्स नवीन ने बटोरे।
नवीन कुमार को आज कबड्डी के बारे में जानने वाला, हर शख्स आज जानता है। लेकिन कुछ साल पहले तक उन्हें परिश्रम भी करना पड़ा है यहां तक पहुंचने के लिए। कहा जाता है कि नवीन हरियाणा के सुल्तानपुर से आते हैं जहां से कबड्डी के कई योद्धा निकले। नवीन का जन्म 14 फरवरी 2000 को हुआ था। उनके दादा जी ने उन्हें कबड्डी में आगे बढ़ने के लिए मदद की।
पढ़ाई पूरी करने के लिए करनी पड़ी थी जॉब
2019 में एक इंटरव्यू में नवीन कुमार ने बताया था कि,’परिवार की खुशी के लिए मुझे पढ़ाई और जॉब दोनों साथ करनी पड़ी थी। एक साल पहले मुझे जॉब भी मिल गई थी, जिससे मेरे लिए आगे की पढ़ाई जारी रखना काफी आसान हो गया। अगर मुझे जॉब नहीं मिलती तो फिर मैं शायद आगे की पढ़ाई नहीं कर पाता, क्योंकि मेरे घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी।’
नवीन कुमार ने पीकेएल के छठे सीजन के दौरान अपनी इंटर (12th) की पढ़ाई भी जारी रखी थी। इसके बाद 7वें सीजन के दौरान उन्होंने बीए फर्स्ट ईयर में दाखिला ले लिया था। इस तरह नवीन ने प्रो कबड्डी के साथ अपनी पढ़ाई को भी जारी रखा। वहीं जरूरत पड़ने पर पढ़ाई को जारी रखने के लिए जॉब भी की थी।
पीकेएल 2021-22 के सत्र में भी अभी तक नवीन कुमार का शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस सत्र में अभी तक 9 मुकाबलों में 138 पॉइंट्स लिए हैं। इसमें 7 सुपर 10 भी शामिल हैं। उनकी टीम दबंग दिल्ली भी 43 पॉइंट्स के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। दबंग दिल्ली ने अभी तक 13 में 7 मुकाबले जीते हैं और 4 हारे हैं। दो मुकाबले टाई हुए हैं।