इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 14वें सीजन में चेन्नई सुपरकिंग्स को अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में सुरेश रैना, शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने विस्फोटक पारी खेली। लेकिन धोनी ने फैंस को निराश किया। वे खाता भी नहीं खोल सके।
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। 16वें ओवर में 5 विकेट गिर जाने के बाद धोनी मैदान पर उतरे। आवेश खान की पहली गेंद को उन्होंने सामने की ओर खेला। वे अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए। धोनी 6 साल बाद आईपीएल में खाता नहीं खोल सके। पिछली बार वो मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2015 में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे. 2010 में दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ दो गेंद पर आउट हो गए थे। सबसे पहली बार 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहली गेंद पर पवेलियन लौटे थे।
दूसरी ओर, आज दो भाईयों में भी जमकर मुकाबला हुआ। चेन्नई की ओर से थे सैम करन तो दिल्ली के लिए खेल रहे थे टॉम करन। टॉम दिल्ली की ओर से 17वां ओवर लेकर आए। इसमें सैम ने उनकी 3 गेंद पर 5 रन बनाए। इसके बाद टॉम 19वें ओवर में आए। सैम ने तीसरी गेंद पर छक्का, चौथी गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर चौका जड़ दिया। जडेजा ने इस ओवर में 5 रन बनाए। सैम करन ने 17 रन ठोके। एक गेंद वाइड थी। टॉम ने इस ओवर में कुल 23 रन दे दिए।
दिल्ली की चेन्नई के खिलाफ यह लगातार तीसरी जीत है। पिछले सीजन में चेन्नई ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली टीम से 2 मैच खेले थे और दोनों में हार मिली थी। चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट गंवाकर 188 रन बनाए। दिल्ली ने 18.4 ओवर में 7 विकेट पर 190 बना लिए। उसके लिए ओपनर शिखर धवन ने 54 गेंद पर 85 और पृथ्वी शॉ ने 38 गेंद पर 72 रन की पारी खेली। चेन्नई के लिए सुरेश रैना ने 36 गेंद पर सबसे ज्यादा 54 रन की पारी खेली।