फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में सोमवार रात (6 जुलाई 2026) एक बड़ा हार्ट ब्रेक देखने को मिला। क्रिस्टियानो रोनाल्डो का फीफा वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया। उनकी टीम पुर्तगाल प्री-क्वार्टरफाइनल मैच में स्पेन के खिलाफ 0-1 से हारकर बाहर हो गई है। इस हार के साथ 41 वर्षीय रोनाल्डो का विश्व कप का सफर भी यहीं खत्म हो चुका है। टूर्नामेंट से पहले ही इस बात के संकेत थे कि यह उनका आखिरी विश्व कप है। राउंड ऑफ 16 मैच से पहले भी रोनाल्डो ने यह कबूला था और अब नम आंखों से उन्होंने विदाई ली है।

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 2006 से 2026 तक 20 साल में 6 विश्व कप खेले। दुर्भाग्यवश वह अपनी टीम को फीफा चैंपियन नहीं बना पाए। उनके नाम फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में 11 गोल दर्ज हैं। वह पुर्तगाल के लिए भी ऑलटाइम लीडिंग गोल स्कोरर रहे हैं। स्पेन के सब्सटीट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने स्टॉपेज टाइम में गोल दागा और पुर्तगाल समेत सभी रोनाल्डो फैंस के सपनों पर पानी फेर दिया।

नम आंखों से रोनाल्डो की विदाई

इस मैच के 90 मिनट के खेल के बाद तक स्कोर 0-0 था। उसके बाद फेरान टोरेस की जगह मिकेल मेरिनो को बतौर सब्सटीट्यूट बुलाया गया। उन्होंने 91वें मिनट में मैदान पर आते ही गोल दागा और पुर्तगाल की उम्मीदें धूमिल हो गईं। इस मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोनाल्डो ने कहा था,”हां यह मेरा आखिरी है, चलते हैं और एनजॉय करते हैं।” मैच के बाद रोनाल्डो भावुक हो गए और नम आंखों से उन्होंने मैदान से विदाई ली।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि रोनाल्डो कब तक मैदान पर नजर आते रहेंगे। 41 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी का यह आखिरी फीफा वर्ल्ड कप था लेकिन उनका आखिरी मैच कब होगा, इस पर अभी जानकारी नहीं प्राप्त हुई है। रोनाल्डो ने छह बार चैंपियंस लीग का खिताब जीता मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियाल मैड्रिड के लिए। वहीं पुर्तगाल को वह विश्व चैंपियन नहीं बना पाए मगर 2016 में यूरो कप में विजेता बनाया था। जबकि दिन के दूसरे मुकाबले में बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराया और क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।

मेसी का जलवा, रोनाल्डो का कमाल, एम्बाप्पे ने भी रचा इतिहास; FIFA विश्व कप 2026 में टूटे 10 वर्ल्ड रिकॉर्ड

फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब तक रिकॉर्ड ब्रेकर फुटबॉल विश्व कप साबित हुआ है। मौजूदा टूर्नामेंट में कई बड़े रिकॉर्ड बन चुके हैं। टूर्नामेंट में उतरे दिग्गज लियोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी जादू दिखा है। वहीं किलियन एम्बाप्पे भी किसी से पीछे नहीं रहे हैं। जनसत्ता की डेटा स्टोरी में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अब तक टूटे 10 बड़े रिकॉर्ड्स के बारे में जानिए। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर