इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। पिछले साल की विजेता टीम 14 में से 4 मैच जीतकर अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही। टीम आखिरी मैच शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेली और उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 150 रन बनाये। राजस्थान ने 19.4 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम के लिए भले ही सत्र अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन टीम को पांच ऐसे खिलाड़ी मिले हैं, जो आगे सफलता में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
डेवोन कॉनवे– न्यूजीलैंड के इस ओपनर बल्लेबाज को टीम ने बेस प्राइस एक करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। शुरुआत में बाएं हाथ के इस खिलाड़ी को ज्यादा मौका नहीं मिला। फिर जब मौका मिला तो उन्होंने इस बखूबी निभाया। 7 मैचों में 42 के औसत से 252 रन बनाए। लगातार तीन अर्धशतक जड़े। स्टाइक रेट 145.66 का रहा।
महेश दीक्षाना- श्रीलंका के इस मिस्ट्री स्पिनर ने अपने प्रदर्शन से काफी प्रभावित किया। उन्होंने 9 मैच में 7.46 की इकोनॉमी से 12 विकेट लिए। 50 लाख बेस प्राइस वाले इस खिलाड़ी को 70 लाख रुपये में टीम ने अपने साथ जोड़ा था।
मुकेश चौधरी– दीपक चाहर की अनुपस्थिति में नई गेंद से बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का प्रदर्शन अच्छा रहा। शुरुआती कुछ मैचों में संघर्ष के बाद मुकेश ने अच्छी वापसी की। टीम ने उन्हें 20 लाख के बेस प्राइस में खरीदा था। 13 मैचों में उन्होंने 9.32 की इकोनॉमी से 16 विकेट लिए।
सिमरजीत सिंह– दाएं हाथ के मीडियम फास्ट बॉलर को चेन्नई ने 20 लाख के बेस प्रइस में अपने साथ जोड़ा था। नई गेंद से मुकेश चौधरी का इन्होंने अच्छा साथ दिया। 6 मैचों में 7.67 की इकोनॉमी से 4 विकेट लिए।
मथीशा पथिराना- जूनियर मलिंगा के नाम से फेमस श्रीलंका के इस तेज गेंदबाज को एडम मिल्न के चोटिल होने पर चेन्नई ने अपने साथ जोड़ा। उन्होंने दो मैच में दो विकेट लिए। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमारे मलिंगा(पथिराना) ने भी बढ़िया गेंदबाजी की है। उन्हें पीक करना आसान नहीं है और अगले साल वह निश्चित तौर पर बढ़िया प्रदर्शन करेंगे।