इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 49वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। पैट कमिंस की अगुआई वाली सनराइजर्स हैदराबाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है। उसने अब तक 10 मैच खेले हैं और इनमें से छह में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार का सामना किया है।

सनराइजर्स हैदराबाद के 12 अंक हैं। वहीं, पंजाब किंग्स आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर है। पंजाब किंग्स के 13 अंक हैं। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स ने अब तक नौ मैच खेले हैं। इसमें उसे छह में जीत मिली, जबकि दो मुकाबले गंवाए। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, इसलिए उसे एक अंक से ही संतोष करना पड़ा था।

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स हेड टू हेड

सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 25 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी है। सनराइजर्स हैदराबाद ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने आठ मैच जीतने में सफलता पाई है।

सनराइजर्स हैदराबाद का घरेलू मैदान पर भी पंजाब किंग्स के खिलाफ पलड़ा भारी है। एसआरएच ने हैदराबाद में पंजाब किंग्स के खिलाफ 10 मैच खेले हैं। इनमें से सिर्फ एक में हार झेली है, जबकि नौ मैच अपने नाम करने में सफल रही है।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच और हैदराबाद की मौसम रिपोर्ट

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में यह वही पिच है जिस पर भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 297 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था और जिस पर सनराइजर्स हैदराबाद कई मौकों पर 300 रन का आंकड़ा पार करने के करीब पहुंची है। पिच के दोनों ओर की बाउंड्री 63 और 68 मीटर होने की संभावना है।

सामने की ओर बाउंड्री 75 मीटर लंबी होगी। हैदराबाद के मौसम की बात करें तो शहर में अधिकतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई है। आसमान में छाए रहने वाले बादलों के कारण ओस पड़ने की संभावना कम हो सकती है।

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग 11

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग इलेवन की बात करें तो नितीश कुमार रेड्डी बीमारी की वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे, लेकिन बुधवार छह मई 2026 को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ खेलने के लिए अब पूरी तरह फिट हैं। नितीश कुमार रेड्डी के लौटने से शायद स्मरण रविचंद्रन को टीम से बाहर बैठना पड़ सकता है।

पंजाब किंग्स कैंप की बात करें तो नेहल वढ़ेरा ज्यादा रन नहीं बना पा रहे हैं, इसलिए टीम उनकी जगह शशांक सिंह को प्लेइंट इलेवन में शामिल कर सकती है। शशांक सिंह ने न्यू चंडीगढ़ में अपनी स्लो मीडियम पेस की गेंदबाजी से ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा दोनों को आउट कर दिया था और सनराइजर्स हैदराबाद को 219 रन पर ही रोक दिया था। हालांकि, वह ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कई कैच भी छोड़े हैं। वह अभी एक छोटी-मोटी चोट से उबर रहे हैं, लेकिन ब्रैड हैडिन का कहना है कि वह मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित XII: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्ष दुबे, साकिब हुसैन, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा।

पंजाब किंग्स की संभावित XII: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढ़ेरा, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विजयकुमार वैशाक।

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स की लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स

मुकाबला: IPL 2026 का 49वां मैच, सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स
मैच की तारीख: 06 मई 2026 (बुधवार)
टॉस का समय: शाम 7:00 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैच शुरू होने का समय: शाम 7:30 बजे (भारतीय समयानुसार)
मैदान: राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, हैदराबाद।
सीधा प्रसारण: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स मैच भारत में टीवी पर Star Sports (स्टार स्पोर्ट्स) नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर LIVE उपलब्ध होगा।
लाइव स्ट्रीमिंग: सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स मैच की भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम पंजाब किंग्स मैच के दिलचस्प आंकड़े

  • साकिब हुसैन डेथ ओवरों में औसतन सिर्फ आठ रन देते हैं। इस सीजन डेथ ओवर्स में यह संयुक्त रूप से दूसरा सबसे अच्छा इकॉनमी रेट है।
  • आईपीएल के इतिहास में 20वें ओवर की कम से कम 50 गेंदें खेलने वाले बल्लेबाजों में मार्कस स्टोइनिस का स्ट्राइक-रेट सबसे ज्यादा(297.61) है।
  • ‘ट्रैविस-अभिषेक’ की जोड़ी में से सिर्फ अभिषेक शर्मा को ही अर्शदीप सिंह का सामना करना पसंद है। अभिषेक शर्मा का जहां इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के खिलाफ औसत 85 और स्ट्राइक रेट 197.67 का है। वहीं, ट्रैविस हेड अर्शदीप सिंह के खिलाफ 42 गेंदों में तीन बार आउट हो चुके हैं और उनका औसत सिर्फ 19.67 का है।
  • आईपीएल 2026 में 23 बल्लेबाजों ने कम से कम 250 रन बनाए हैं, जिनका स्ट्राइक रेट 150 रहा है। इस सूची में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स दोनों ही टीमों के चार-चार बल्लेबाज शामिल हैं।
  • पैट कमिंस अब तक पंजाब किंग्स के दोनों ओपनर्स प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह को आउट नहीं कर पाए हैं। प्रियांश आर्या ने पैट कमिंस की चार गेंदों पर 11 रन बनाए हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने SRH के कप्तान के खिलाफ 17 गेंद में 25 रन बनाए हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स का फुल स्क्वॉड

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम: अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, इशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, स्मरण रविचंद्रन, पैट कमिंस (कप्तान), शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, ईशान मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, जयदेव उनादकट, कामिंदु मेंडिस, गेराल्ड कोएत्जी, नितीश कुमार रेड्डी, दिलशान मदुशंका, क्रेंस फुलेत्रा, ओंकार तरमाले, आरएस अंबरीश, अमित कुमार।

पंजाब किंग्स की टीम: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बराड़, विष्णु विनोद, विजयकुमार वैशाक, मुशीर खान, मिचेल ओवेन, बेन ड्वार्शियस, प्रवीण दुबे, लॉकी फर्ग्यूसन, शशांक सिंह, यश ठाकुर, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर सिंह, पायला अविनाश, विशाल निषाद।

IPL 2026 के प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, जानें कब, कहां होंगे, क्वालिफायर, एलिमिनेटर और फाइनल

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबले 26 मई को धर्मशाला में होने वाले क्वालिफायर 1 से शुरू होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस सीजन के समापन के लिए तीन जगहों पर मैच कराने की पुष्टि की है। (पूरा शेड्यूल देखने के लिए क्लिक करें)