केदार जाधव के पराक्रम के बावजूद भारत को मिली हार, जानिए आखिरी ओवर की रोमांचक लड़ाई की कहानी
कोलकाता वनडे में भारत पांच रन से हार गया है। इंग्लैंड के 321 रन के जवाब में टीम इंडिया नौ विकेट पर 316 रन ही बना पाई।

कोलकाता वनडे में भारत पांच रन से हार गया है। इंग्लैंड के 321 रन के जवाब में टीम इंडिया नौ विकेट पर 316 रन ही बना पाई। हालांकि इस हार के बावजूद भारत ने तीन वनडे की सीरीज 2-1 से जीत ली। केदार जाधव की 90 रन की पारी से भारतीय टीम जीत के करीब पहुंच गई थी और मुकाबला आखिरी गेंद तक गया लेकिन बाजी अंग्रेजों के हाथ लगी। भारत ने पुणे और कटक वनडे जीतकर सीरीज पहले ही जीत ली थी। रोचक बात यह है कि तीनों मैचों की छह पारियों में 300 से ज्यादा का स्कोर बना। लेकिन केवल एक बार रनों का पीछा करने वाली टीम जीती। पुणे में भारत ने 350 रन के लक्ष्य का पीछा किया था। कोलकाता में भारत 381 रन बनाने के बाद 15 रन से जीता था।
भारतीय पारी के आखिरी ओवर की कहानी: इंग्लैंड के गेंदबाज क्रिस वॉक्स ने आखिरी ओवर डाला। उन्हें 16 रन बचाने थे। जाधव ने पहली गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छह रन उड़ाए। दूसरी गेंद को उन्होंने एक बार फिर से एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से मारा। इस बार भारत को चार रन मिले। इस शॉट ने भारतीय खेमे में खुशी ला दी। विराट कोहली खुशी से उछल पड़े। वॉक्स ने तीसरी गेंद लेग स्टंप पर डाली। जाधव ने रूम बनाकर खेलना चाहा लेकिन गेंद डॉट रही। चौथी गेंद ऑफसाउड में यॉर्कर रही। जाधव लेग साउड में मारना चाहते थे लेकिन चूक गए।
अब दबाव भारत पर था। वॉक्स की पांचवी गेंद एक बार फिर से ऑफ साइड में रही। जाधव ने पहली दो गेंदों की तरह ही शॉट उड़ाया। लेकिन टाइमिंग ठीक नहीं रही। गेंद सीधे सैम बिलिंग्स के हाथों में गई। अब आखिरी गेंद पर भारत को छह रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर थे भुवनेश्वर कुमार। क्रिस वॉक्स की गेंद ऑफसाइड पर रही। भुवी छक्का नहीं लगा पाए। इसी के साथ मेहमान टीम मैच जीत गई। पांच टेस्ट और तीन वनडे यानि आठ मैचों में यह उसकी पहली जीत है।
Hindi News से जुड़े अपडेट और व्यूज लगातार हासिल करने के लिए हमारे साथ फेसबुक पेज और ट्विटर हैंडल के साथ लिंक्डइन पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App