ग्रेटर नोएडा में सात से 10 अक्टूबर 2026 तक होने वाले कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप के मौके पर पूर्व भारतीय कप्तान ने गोल्फ के बढ़ते दायरे और इसे आगे ले जाने की जरूरत पर बात की। चैंपियनशिप शुरू होने से पहले कपिल देव से पूछा गया कि गोल्फ को क्रिकेट की तरह लोकप्रिय बनाने और ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए क्या किया जा सकता है। जवाब में कपिल देव ने क्रिकेट के अपने शुरुआती दौर का उदाहरण दिया।
कपिल देव ने याद दिलाया कि एक समय क्रिकेट भी राजा-महाराजाओं तक सीमित माना जाता था और 1983 में विश्व कप जीतने पर टीम को महज 20 हजार रुपये मिले थे। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों को मौके और बेहतर प्लेटफॉर्म दिए जाएं तो कोई भी खेल आगे बढ़ सकता है। इसी क्रम में कपिल देव सवालिया लहजे में बोले, ‘‘आपको अच्छा नहीं बनना क्या? आपको सारी उम्र कंचे ही खेलने हैं क्या?’’
कपिल देव के मुताबिक, किसी भी खेल को आगे बढ़ाने के लिए खिलाड़ियों को मंच देना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) का प्रयास खिलाड़ियों को प्रदर्शन करने के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। इसके बाद खिलाड़ियों की क्षमता पर निर्भर करता है कि वे बड़े स्तर पर जगह बना पाते हैं या नहीं।
‘पूरे देश बढ़ रहा गेम्स का चार्म’
गोल्फ की बढ़ती लोकप्रियता और उसके प्रति क्रिकेट जैसा आकर्षण पैदा होने के सवाल पर कपिल देव ने कहा कि बात सिर्फ क्रिकेट या गोल्फ की नहीं है। पूरा देश खेलों की ओर बढ़ रहा है। कपिल देव ने एशियन गेम्स में भारतीय महिला गोल्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उदाहरण दिया।
कपिल देव ने कहा कि पहले आधे लोगों को गोल्फ का नाम तक नहीं पता था, लेकिन अब भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। कपिल देव ने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए खेल को प्रमोट करना और उसके लिए बुनियादी ढांचा तैयार करना जरूरी है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर (मूलभूत सुविधाएं) होने पर ज्यादा खिलाड़ी सामने आएंगे।
‘पैसा आएगा तो बहुत कुछ करेंगे’
कपिल देव ने गोल्फ को क्रिकेट की तरह प्रोत्साहन और संसाधन मिलने के सवाल पर कहा कि क्रिकेट जितना पैसा गोल्फ के पास नहीं है। कपिल देव ने कहा, थोड़ा व्यावहारिक होकर सोचें, लेकिन उपलब्ध संसाधनों से ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को प्लेटफॉर्म देने की कोशिश की जाती है।
कपिल देव ने क्रिकेट के पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि 1983 में विश्व कप जीतने पर टीम को 20 हजार रुपये मिले थे। क्रिकेट को भी मौजूदा मुकाम तक पहुंचने में कई साल लगे।
गोल्फ तो धनाढ्य वर्ग का ही खेल माना जाता है, तो फिर पैसे की कमी कैसे के सवाल पर कपिल देव ने कहा, पहले, क्रिकेट भी ऐसा ही था। बहुत साल लगे इस स्टेज पर आते-आते। क्रिकेट में भी पैसा नहीं था जब 83 में हम जीते, कुछ पैसा नहीं था। वर्ल्ड कप खेलने के लिए 20 हजार रुपये मिले थे। आज 20 हजार रुपये में तो वे (क्रिकेटर) बात भी नहीं करते। मेरा मानना है कि आप गेम को प्रमोट करोगे, मौके देंगे तो खेल आगे बढ़ेगा।
कपिल देव ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, आप कहते हैं कि महंगा खेल है। एक समय तो क्रिकेट भी राजा महाराजा ही खेला करते थे। आपको अच्छा नहीं बनना क्या? आपको क्या सारी उम्र कंचे ही खेलने हैं क्या? अच्छी अपॉर्चुनिटी दीजिए। अगर बच्चों को अच्छी सुविधाएं और अवसर मिलें तो वे उन खेलों में आगे बढ़ सकते हैं, जिनमें दुनिया के दूसरे खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
गोल्ड मेडल और स्पॉन्सरशिप का कनेक्शन
गोल्फ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन के असर पर पूछे गए सवाल के जवाब में कपिल देव ने कहा कि एक गोल्ड मेडल के बाद कई स्पॉन्सर आते हैं। कपिल देव के मुताबिक, कोई भी खेल स्पॉन्सर के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। कपिल देव ने मीडिया की भूमिका पर भी जोर दिया। कपिल देव ने कहा कि सिर्फ गोल्फ ही नहीं, हर खेल को लोकप्रिय बनाने की जरूरत है। इससे उन बच्चों को अवसर मिलेगा, जो उस खेल में अपना हुनर तलाशते हैं।
सरकार से ज्यादा अपनी जिम्मेदारी पर जोर
खेल मंत्रालय से उनकी अपेक्षाओं के सवाल पर कपिल देव ने कहा कि हर चीज के लिए सरकार की ओर देखने के बजाय यह सोचना चाहिए कि अपनी तरफ से क्या किया जा सकता है। कपिल देव ने कहा कि सरकार के पास और भी बहुत सारे काम हैं और हमारी कोशिश यह होनी चाहिए कि हम अपनी तरफ से खेल के लिए क्या कर सकते हैं।
भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन से खुश कपिल देव
एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष और महिला गोल्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर कपिल देव ने खुशी जताई। कपिल देव ने कहा कि खिलाड़ियों के पास प्रतिभा और क्षमता तो थी, लेकिन पदक जीतने के लिए उस एक हफ्ते में असाधारण प्रदर्शन करने की जरूरत होती है।
कपिल देव ने कहा कि गोल्फ में अपेक्षाकृत सीमित संख्या में लोग हिस्सा लेते हैं और ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों का गोल्ड मेडल जीतना गर्व की बात है। कपिल देव ने कहा कि क्रिकेट में भारतीय टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहती है, लेकिन किसी दूसरे खेल में भारतीय खिलाड़ी पदक जीतते हैं तो उसका महत्व अलग होता है।
कपिल देव इनविटेशनल टूर चैंपियनशिप ग्रेटर नोएडा स्थित जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट में खेली जाएगी। टूर्नामेंट में 64 प्रोफेशनल हिस्सा ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि दो करोड़ रुपये है। यह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का टूर चैंपियनशिप है। टूर्नामेंट के साथ प्रो-एम प्रतियोगिता भी होगी। इसमें हर राउंड में एक प्रोफेशनल और एक एमेच्योर की टीम होगी।
Asian Games: प्रणवी शरत उर्स ने रचा इतिहास, भारत गोल्फ में पहली बार जीता स्वर्ण पदक
प्रणवी शरत उर्स एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं। प्रणवी, अदिति अशोक और दीक्षा डागर की तिकड़ी ने टीम इवेंट में सिल्वर मेडल भी जीता। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
